×
 

लुधियाना में AAP विधायक का ट्रक ड्राइवर से विवाद, थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल; विधायक ने दी सफाई

लुधियाना में AAP विधायक राजिंदरपाल कौर छीना का ट्रक ड्राइवर से विवाद हुआ। वायरल वीडियो में थप्पड़ मारने का दावा है, जबकि विधायक ने आरोप से इनकार किया।

पंजाब के लुधियाना में आम आदमी पार्टी (आप) की महिला विधायक राजिंदरपाल कौर छीना का ट्रक ड्राइवर से विवाद चर्चा में है। घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक कथित तौर पर ट्रक चालक को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही हैं। हालांकि विधायक ने थप्पड़ मारने के आरोप से इनकार किया है।

घटना सोमवार दोपहर बाद डाबा रोड इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, विधायक की कार के आगे एक ट्रक चल रहा था। विधायक की गाड़ी के चालक ने ट्रक को ओवरटेक करने के लिए कई बार हॉर्न और हूटर बजाया, लेकिन ट्रक चालक ने रास्ता नहीं दिया।

इसके बाद विधायक खुद अपने गनमैन के साथ कार से उतरकर ट्रक के पास पहुंचीं। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह ट्रक का दरवाजा खोलकर चालक को नीचे उतारती हुई दिखाई दे रही हैं। इसके बाद वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि विधायक ने चालक को थप्पड़ मारा।

और पढ़ें: खाली खजाना, आखिरी साल में मुफ्त योजनाएं: पंजाब में AAP के वादों पर क्यों उठ रहे सवाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रक चालक के साथी नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। दूसरी ओर, विपक्षी दलों के नेताओं ने भी इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि यह सत्ता के अहंकार और दबंगई का उदाहरण है।

विधायक ने थप्पड़ मारने से किया इनकार

विवाद बढ़ने के बाद राजिंदरपाल कौर छीना ने थप्पड़ मारने के आरोप को खारिज किया। विधायक की ओर से कहा गया कि उन्होंने चालक के साथ मारपीट नहीं की, बल्कि उसके हाथ से केवल ट्रक की चाबी ली थी।

अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो लुधियाना में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पंजाब में फिलहाल आम आदमी पार्टी की सरकार है और आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में विधायक से जुड़ा यह विवाद राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

और पढ़ें: पंजाब के स्कूलों पर कांग्रेस की टिप्पणी के बाद AAP का हिमाचल को जवाब, मनीष सिसोदिया ने दी साझा ऑडिट की चुनौती

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share