लुधियाना में तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 5 घायल; सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
लुधियाना के बहादुरके रोड पर तेज रफ्तार टियागो ईवी ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हुए और घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
पंजाब के लुधियाना में तेज रफ्तार कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि एक बाइक सवार करीब 10 से 15 फीट हवा में उछल गया और कई गुलाटियां खाते हुए लगभग 30 फीट दूर जाकर सड़क पर गिरा। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं।
घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे लुधियाना के बहादुरके रोड पर हुई। जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार सफेद टियागो ईवी कार अनियंत्रित हो गई और उसने सबसे पहले एक साइकिल को टक्कर मारी। इसके बाद कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा। इस दौरान वह करीब तीन बार गुलाटियां खाता दिखाई दिया।
हादसे में बाइक को भी काफी नुकसान पहुंचा। इसके बाद बेकाबू कार ने सामने से आ रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण एक ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
और पढ़ें: तमिलनाडु में भीषण सड़क हादसा, कार के निजी बस से टकराने पर तीन की मौत
जानकारी के अनुसार, हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। जतिंदर नामक एक राहगीर के पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं, कुछ अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हादसे के बाद कार चालक को लेकर स्थानीय लोगों ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को आशंका है कि हादसे के समय चालक नशे में हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। सलेम टाबरी पुलिस हादसे के कारणों और चालक की स्थिति की जांच कर रही है।
और पढ़ें: जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की मौत