सावन की अंतिम सोमवारी पर सिंहेश्वर मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति, कई श्रद्धालु घायल
सावन की अंतिम सोमवारी पर मधेपुरा के सिंहेश्वर मंदिर में भारी भीड़ के कारण बैरिकेडिंग टूट गई। धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति में कई श्रद्धालु घायल हुए।
बिहार के मधेपुरा जिले में सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर प्रसिद्ध सिंहेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार सुबह जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग टूटने के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे के बाद मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। इसी दौरान कतार टूट गई और लोग आगे बढ़ने के लिए एक-दूसरे से धक्का-मुक्की करने लगे। भीड़ के अत्यधिक दबाव के कारण प्रशासन की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग भी टूट गई।
इस दौरान करीब आधा दर्जन श्रद्धालु गिरकर घायल हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा एक पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गया। बताया गया कि भीड़ के दबाव में उसकी वर्दी तक फट गई। सभी घायलों को तत्काल जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
और पढ़ें: गया में रील बना रहे तीन बच्चों के पास गिरी आकाशीय बिजली, बाल-बाल बची जान
बताया गया कि रविवार रात करीब 1 बजे सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे थे। देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर मधेपुरा के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर भीड़ को नियंत्रित किया और श्रद्धालुओं को दोबारा कतार में लगाकर जलाभिषेक की व्यवस्था बहाल कराई। मंदिर न्यास समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने तथा शांतिपूर्वक पूजा करने की अपील की।
घायलों में रूना देवी, सिन्टू कुमार, पुलिसकर्मी सिद्धांत कुमार और सुलेना देवी समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। रूना देवी सहरसा जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र के जलसीमा वार्ड नंबर 4 की निवासी हैं, जबकि सिन्टू कुमार सुपौल के मानगंज के रहने वाले बताए गए हैं।
और पढ़ें: एक बूंद तेल भी निर्यात नहीं होगा, होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर ईरान ने दी आर्थिक युद्ध की धमकी