मध्य प्रदेश आतंकी मॉडल का भंडाफोड़, सोशल मीडिया और विदेशी लिंक से युवाओं का किया जा रहा था ब्रेनवॉश
मध्य प्रदेश में आतंकी मॉडल का खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर मोड़ा जा रहा था। तीन गिरफ्तार, एक आरोपी की तलाश जारी है।
मध्य प्रदेश में एक आतंकी और कट्टरपंथी मॉडल का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश एंटी टेरर स्क्वॉड (एटीएस) द्वारा की गई है। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मोहम्मद फराज के रूप में हुई है, जिसे भोपाल के काजी कैंप क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। फराज एक निजी होम्योपैथिक क्लिनिक में कार्यरत था।
जांच एजेंसियों के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि मोहम्मद फराज सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहा था। वह विशेष रूप से बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को निशाना बनाता था। आरोप है कि वह ‘गजवा-ए-हिंद’ जैसी विचारधारा का प्रचार कर भारत में 2047 तक शरिया कानून लागू करने की बात कर रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, फराज व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग कर पाकिस्तान और अन्य देशों में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों से संपर्क में था। वह स्थानीय लोगों के बीच सामान्य जीवन जीता था, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। जांच में यह भी सामने आया है कि वह एक व्यक्ति नईम से प्रभावित था, जिसने उसे पाकिस्तानी आतंकी खालिद सैफुल्लाह के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया।
और पढ़ें: राजौरी गार्डन मेन मार्केट में लहंगा शोरूम में भीषण आग, बाजार में मची अफरा-तफरी
पूछताछ में फराज ने यह भी बताया कि वह युवाओं को गुमराह कर उन्हें हिंसक गतिविधियों के लिए प्रेरित करता था और कुछ लोगों को पाकिस्तान भेजने के लिए पासपोर्ट बनवाने की सलाह भी दी गई थी।
इसके अलावा मध्य प्रदेश एटीएस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें 38 वर्षीय नईम अब्दुल्ला कुरैशी शामिल हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के ननौता से पकड़ा गया। उन्हें उत्तर प्रदेश एटीएस और एसटीएफ की मदद से गिरफ्तार किया गया। वहीं, 34 वर्षीय मोहम्मद शाकिर को राजस्थान के अलवर जिले से हिरासत में लिया गया है।
कुरैशी को 16 जून तक एटीएस रिमांड में भेजा गया है, जबकि शाकिर को 20 जून तक पुलिस रिमांड में रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार चौथे आरोपी की तलाश जारी है और जांच पूरी होने के बाद और खुलासे होने की संभावना है।
और पढ़ें: दल-बदलुओं को ठुकराओ का नारा देने वाली एनसीपीआई अब 20 बागी टीएमसी सांसदों का स्वागत करेगी