×
 

आरा रेलवे स्टेशन के पास महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतरीं, बड़ा हादसा टला

बिहार के आरा रेलवे स्टेशन के पास महानंदा एक्सप्रेस की दो जनरल बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। रेलवे ने जांच शुरू कर दी।

बिहार के आरा रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह महानंदा एक्सप्रेस की दो जनरल बोगियां पटरी से उतर गईं। ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से नई दिल्ली जा रही थी। हादसा सुबह करीब 4:10 बजे पश्चिमी गुमटी के पास हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, महानंदा एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी से कटिहार होते हुए आरा जंक्शन के रास्ते नई दिल्ली जा रही थी। आरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के पास ट्रेन की इंजन के ठीक पीछे वाली दो जनरल बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना की सूचना मिलते ही दानापुर रेल मंडल के अधिकारियों में अफरातफरी मच गई।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड की अप लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि, रेल प्रशासन की तत्परता के बाद सेवा दोबारा बहाल कर दी गई।

और पढ़ें: यूपी और बिहार तक पहुंचेगी बुलेट ट्रेन, दिल्ली से पटना का सफर 4.5 घंटे में होगा: रेल मंत्री

दानापुर रेल मंडल के नियंत्रण कक्ष से तकनीकी टीम को भी आरा भेजा गया। रेलवे की टीमें पटरी से उतरी बोगियों को हटाने, ट्रैक की जांच करने और रेल परिचालन को पूरी तरह सामान्य करने में जुटी हैं। दुर्घटना से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर पटरी और क्षतिग्रस्त डिब्बों की तकनीकी जांच कर रहे हैं।

फिलहाल ट्रेन के पटरी से उतरने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे अधिकारी तकनीकी जांच के आधार पर हादसे की वजह निर्धारित करेंगे। ट्रैक को दुरुस्त करने और दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को हटाने का काम किया जा रहा है।

प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि हादसे के समय ट्रेन की गति कम थी। अगर रफ्तार अधिक होती तो दुर्घटना गंभीर रूप ले सकती थी। फिलहाल किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे की ओर से प्रभावित ट्रेनों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

और पढ़ें: महिला ने खान सर पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप, पुलिस से मांगी सुरक्षा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share