महाराष्ट्र में पेट्रोल संकट की आशंका से अफरा-तफरी, प्लास्टिक के जार लेकर पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़
महाराष्ट्र के बुलढाणा में पेट्रोल संकट की आशंका के बीच लोग प्लास्टिक के जार लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर लोगों में भारी चिंता देखने को मिल रही है। बुलढाणा जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग प्लास्टिक के पानी वाले जार लेकर पेट्रोल खरीदते नजर आए। पेट्रोल की कमी की आशंका के चलते लोग जैसे ही पेट्रोल पंप खुलते हैं, वहां भारी भीड़ जमा हो जाती है।
यह वायरल वीडियो महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के लोणार तालुका क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों के साथ प्लास्टिक के बड़े-बड़े डिब्बे और जार लेकर पेट्रोल भरवाने के लिए दौड़ पड़े। इलाके में कई पेट्रोल पंप दिनभर बंद रहने के कारण जैसे ही किसी पंप पर नया स्टॉक पहुंचता है, वहां अफरा-तफरी मच जाती है।
इसी बीच महाराष्ट्र के वाशिम जिले से भी एक हिंसक घटना सामने आई है। अकोला नाका इलाके में डीजल भरवाने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि जिले में लगातार तीसरे दिन डीजल की कमी बनी हुई है, जिसके कारण पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। कतार में आगे निकलने को लेकर विवाद बढ़ा और स्थिति हिंसक हो गई।
और पढ़ें: मालेगांव में प्लास्टिक पाइप गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान खाक
इस तरह की घटना इससे पहले तमिलनाडु में भी देखने को मिली थी। मार्च महीने में चेन्नई और विल्लुपुरम क्षेत्र से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति बड़े प्लास्टिक के पानी के जार में पेट्रोल भरवाता दिखाई दिया था। उस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए थे कि क्या इस तरह बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कंटेनर में पेट्रोल खरीदना कानूनी है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईंधन संकट की अफवाहों के बीच इस तरह के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं, जिससे लोगों में घबराहट बढ़ रही है।
और पढ़ें: तमिलनाडु में आज फिर कैबिनेट विस्तार की तैयारी, विजय सरकार में शामिल हो सकते हैं वीसीके और आईयूएमएल