महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी पटना से गिरफ्तार
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी को पटना से गिरफ्तार किया। सरकार आरोपियों पर मकोका लगाने पर विचार कर रही है।
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ठाणे पुलिस ने मंगलवार को इस मामले के कथित मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी को पटना से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे की जांच जारी है।
जांच के दौरान गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बिहार निवासी बिजेंद्र गुप्ता को पूरे पेपर लीक गिरोह का मास्टरमाइंड बताया। पुलिस ने ठाणे जिले के कोंगांव क्षेत्र में जाल बिछाकर कार्रवाई की थी, जहां से टीईटी प्रश्नपत्र के चार सेट बरामद किए गए थे। इसके बाद पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी को पटना से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, बिजेंद्र गुप्ता का नाम इससे पहले भी कई परीक्षा पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है। उस पर कई मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं और वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता रहा है।
इस बीच, महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने कहा कि सरकार आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाने की संभावना पर विचार कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि 27 जून को अहिल्यानगर जिले के कोलगांव पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने अवैध रूप से टीईटी का प्रश्नपत्र हासिल किया, अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली और परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र बेचने की कोशिश की।
उन्होंने यह भी बताया कि मामले की जांच के लिए दो पुलिस टीमों को बिहार, जबकि एक-एक टीम को हरियाणा और दिल्ली भेजा गया है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।
भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए राज्य सरकार मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करेगी, जो टीईटी और अन्य राज्य स्तरीय परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करने की योजना तैयार करेगी। उल्लेखनीय है कि 28 जून को होने वाली महाराष्ट्र टीईटी-2026 परीक्षा पेपर लीक का खुलासा होने के बाद स्थगित कर दी गई थी।
और पढ़ें: भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में, सिर्फ 1 से 2% काम बाकी: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर