महोबा में टला बड़ा रेल हादसा, ट्रैक पर आए सांड से टकराई वंदे भारत एक्सप्रेस
उत्तर प्रदेश के महोबा में खजुराहो से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रैक पर आए सांड से टकरा गई। हादसे में ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ, यात्री सुरक्षित रहे।
उत्तर प्रदेश के महोबा में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। खजुराहो से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस अचानक रेलवे ट्रैक पर आए एक सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा और कुछ समय के लिए ट्रेन को रोकना पड़ा। राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 26505 वंदे भारत एक्सप्रेस खजुराहो से वाराणसी की ओर जा रही थी। ट्रेन जब किदारी रेलवे क्रॉसिंग के पास पोल संख्या 1272/19 के नजदीक पहुंची, तभी अचानक एक सांड ट्रैक पर आ गया। यह क्षेत्र महोबा जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में आता है। लोको पायलट ने ट्रेन को रोकने की कोशिश की, लेकिन तेज गति के कारण ट्रेन सांड से टकरा गई।
टक्कर के बाद ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेन को करीब शाम 4:26 बजे रोक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही महोबा जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे कर्मचारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। जरूरी जांच और तकनीकी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रेन करीब 4:35 बजे प्रयागराज की ओर रवाना कर दी गई।
और पढ़ें: झारखंड के पलामू में कोयले से लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे ट्रैक प्रभावित
बताया जा रहा है कि हादसे में सांड की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के कारण वह रेलवे ट्रैक से करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। ट्रेन के अगले हिस्से में लगे कुछ उपकरण और बाहरी ढांचा क्षतिग्रस्त हुआ।
रेलवे और जीआरपी ने शुरू की जांच
घटना के बाद रेलवे और जीआरपी की टीमों ने ट्रैक तथा ट्रेन की तकनीकी स्थिति की जांच की। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर आवश्यक सुरक्षा जांच की गई। अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक के आसपास आवारा पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया है।
हाई-स्पीड ट्रेनों के सामने अचानक जानवरों के आ जाने से गंभीर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे में रेलवे प्रशासन के सामने ट्रैक के आसपास पशुओं की आवाजाही रोकना बड़ी चुनौती है। हालांकि इस घटना में बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
और पढ़ें: महाराष्ट्र में मराठी ज्ञान की जांच, दूसरे दिन 1,499 टैक्सी-ऑटो चालकों को नोटिस