×
 

कोलकाता एयरपोर्ट पर मलेशिया एयरलाइंस के पायलट को लेजर बीम से परेशानी, विमान ने आसमान में लगाए चक्कर

कुआलालंपुर से कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान के पायलट को लैंडिंग से पहले लेजर बीम दिखी। दृष्टि प्रभावित होने पर विमान ने चक्कर लगाया।

कुआलालंपुर से कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की एक उड़ान शनिवार रात नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने से पहले लेजर बीम की चपेट में आ गई। विमान में 159 यात्री सवार थे। घटना के कारण पायलट कुछ समय के लिए विचलित हो गया और विमान को सुरक्षित लैंडिंग से पहले आसमान में चक्कर लगाना पड़ा।

उड़ान एमएच-184 को रात करीब 11:20 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरना था। हालांकि, रनवे से लगभग आठ समुद्री मील दूर पहुंचने पर पायलट ने कॉकपिट की ओर आती तेज लेजर रोशनी देखी। यह रोशनी मध्यमग्राम-बारासात की दिशा से आने की बात कही गई है।

लेजर की तेज चमक से पायलट की दृष्टि कुछ समय के लिए प्रभावित हुई और वह विचलित हो गया। इसके चलते विमान निर्धारित समय पर उतर नहीं सका और कुछ देर तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद दोबारा लैंडिंग का प्रयास किया गया। विमान ने लगभग 11:25 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए।

और पढ़ें: फुकेत-दिल्ली उड़ान के पायलट के डोप टेस्ट में फेल होने की खबरों पर एयर इंडिया बोली- टिप्पणी की स्थिति में नहीं

घटना की जानकारी मिलने के बाद एयरलाइन ने एयरपोर्ट अधिकारियों को सूचित किया। कोलकाता एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एयरपोर्ट निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि हवाई अड्डे के आसपास लेजर लाइट का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विमान के उड़ान भरने और उतरने के दौरान पायलटों की दृष्टि पर लेजर रोशनी का गंभीर असर पड़ सकता है। तेज लेजर बीम से कुछ समय के लिए आंखों की रोशनी प्रभावित होने, ध्यान भटकने और विमान संचालन में खतरा पैदा होने की आशंका रहती है।

पिछले वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के पंडाल के पास इस्तेमाल की जा रही लेजर लाइट को लेकर भी पायलटों ने चिंता जताई थी, जिसके बाद लेजर शो रोक दिया गया था।

और पढ़ें: बसंत कुमार मेघवाल ने रचा इतिहास, विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share