मैंगलुरु रिफाइनरी में विस्फोट, आठ लोग घायल; आसपास की इमारतों में भी महसूस हुआ धमाका
कर्नाटक के मैंगलुरु स्थित एमआरपीएल रिफाइनरी में विस्फोट से आठ लोग घायल हो गए। धमाके से आसपास की इमारतें हिल गईं और जोकाट्टे गांव में खिड़कियां टूट गईं।
कर्नाटक के मैंगलुरु स्थित मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) परिसर में बुधवार को हुए विस्फोट में कम से कम आठ लोग घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। विस्फोट का असर मैंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रशासनिक भवन सहित कई इमारतों पर भी पड़ा।
एमआरपीएल के एक अधिकारी के मुताबिक, हादसे में एक ठेका कर्मचारी करीब 35 प्रतिशत तक झुलस गया। उसकी पहचान राजेश बैपटिस्ट के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए श्रीनिवास अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत खतरे से बाहर है।
कंपनी ने एक बयान में बताया कि विस्फोट रिफाइनरी की सीएचटी इकाई में हुआ। हालांकि, घटना के कारणों और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
और पढ़ें: कर्नाटक में डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाने की इच्छुक कैपिटलैंड इन्वेस्टमेंट
आसपास के गांवों में भी महसूस हुआ धमाका
रिफाइनरी से सटे जोकाट्टे गांव में भी विस्फोट का तेज असर महसूस किया गया। धमाके के कारण ग्राम पंचायत कार्यालय और आसपास के कुछ मकानों के दरवाजे तथा खिड़कियां टूट गईं। विस्फोट के बाद रिफाइनरी परिसर से काले धुएं का घना गुबार उठने लगा, जिसे कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बजपे स्थित मैंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रशासनिक भवन की खिड़कियां भी हिल गईं। घटना के बाद हवाई अड्डे के कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
राहत और बचाव कार्य जारी
जिला प्रशासन के निर्देश पर हवाई अड्डा प्रशासन ने आसपास की महत्वपूर्ण सुविधाओं और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण शुरू किया। इसमें प्रिसिजन अप्रोच लाइटिंग सिस्टम और आसपास की सड़कों की स्थिति की जांच भी शामिल है।
विस्फोट की सूचना मिलते ही दमकल और आपातकालीन टीमें रिफाइनरी पहुंचीं। मैंगलुरु से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी घटनास्थल पर भेजी गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस तैनात की गईं। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
और पढ़ें: यूएई में कर्नाटक के एल्विन प्रकाश कुंदर की हत्या, नौ टुकड़ों में मिला शव