ट्रंप और मोदी दूरदर्शी नेता, भारत-अमेरिका संबंधों पर बोले मार्को रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप दूरदर्शी नेता हैं। उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत और रणनीतिक साझेदारी का अहम आधार बताया।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत-अमेरिका संबंधों को लगातार मजबूत होता हुआ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता गंभीर और दूरदर्शी हैं, जो केवल तात्कालिक नहीं बल्कि दीर्घकालिक लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
मार्को रुबियो नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
रुबियो ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच संबंध ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही मजबूत रहे हैं और अब दूसरे कार्यकाल में भी यह साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नेताओं के बीच व्यक्तिगत जुड़ाव किसी भी द्विपक्षीय रिश्ते को नई दिशा देने में बेहद अहम होता है।
उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक के कुछ घंटों बाद आई। इस बैठक में दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, सुरक्षा तथा भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक के दौरान रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण भी दिया।
भारत यात्रा पर आए मार्को रुबियो शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे थे। यह विदेश मंत्री बनने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है। दिल्ली आने से पहले उन्होंने मदर टेरेसा की संस्था मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ का भी दौरा किया।
रुबियो रविवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। उनकी यात्रा के दौरान व्यापार, ऊर्जा, ईरान संकट और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।