UAE पर हमलों के बीच पीएम मोदी ने शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से की बात, क्षेत्रीय शांति पर जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई राष्ट्रपति से बातचीत कर हमलों की निंदा की, शांति और तनाव कम करने की अपील की तथा वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर आभार जताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात पर हुए ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की और क्षेत्रीय शांति बनाए रखने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत इन कठिन परिस्थितियों में यूएई के साथ एकजुटता से खड़ा है। उन्होंने हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए शेख मोहम्मद का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि भारत तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है।
और पढ़ें: भारत-इज़राइल रिश्तों को विशेष रणनीतिक साझेदारी का दर्जा, भारत में G2G बैठक होगी
गौरतलब है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका और इज़राइल द्वारा हत्या के बाद ईरान ने यूएई पर मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। राजधानी अबू धाबी और वित्तीय केंद्र दुबई को भी निशाना बनाया गया।
हमलों के कारण दुबई एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जबकि प्रतिष्ठित इमारत बुर्ज खलीफा को एहतियातन खाली कराया गया। दुबई के एक लग्जरी होटल में भी आग लगने की सूचना है।
यूएई सरकार के अनुसार, इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। भारत सरकार ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने नागरिक ठिकानों पर हमलों को कायरतापूर्ण कृत्य बताते हुए कड़ी निंदा की है।
और पढ़ें: याद वाशेम में पीएम मोदी की श्रद्धांजलि, प्रतीक से परे गहरा संदेश