×
 

मुंबई में फर्जी डॉक्टरों पर क्राइम ब्रांच का शिकंजा, सातवीं पास आरोपी भी कर रहा था इलाज

मुंबई में क्राइम ब्रांच ने बिना लाइसेंस इलाज कर रहे पांच कथित फर्जी डॉक्टरों पर कार्रवाई की। एक आरोपी सातवीं पास मिला, जबकि क्लीनिकों से 1.19 लाख रुपये का सामान जब्त हुआ।

महाराष्ट्र के मुंबई में फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। गोवंडी, देवनार और बांद्रा पूर्व इलाकों में बिना जरूरी मेडिकल योग्यता और लाइसेंस के मरीजों का इलाज करने वाले पांच कथित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें एक आरोपी की शैक्षणिक योग्यता महज सातवीं कक्षा तक बताई गई है।

मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की यूनिट 6 और 8 ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका के चिकित्सा अधिकारियों के साथ मिलकर इन क्लीनिकों पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में से किसी के पास महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल का वैध पंजीकरण नहीं था। कुछ आरोपियों के पास होम्योपैथी की बीएचएमएस डिग्री थी, लेकिन वे कथित तौर पर एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का इलाज कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को पकड़ा गया। जिन आरोपियों के पास बीएचएमएस डिग्री थी, उन्हें नोटिस देकर आगे केवल होम्योपैथिक दवाओं का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई। उनके क्लीनिक से एलोपैथिक दवाएं भी जब्त की गईं। दो आरोपियों ने कैमरे के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।

और पढ़ें: मुंबई में छाते चुराने वाले गिरोह का खुलासा, चारकोप की दुकानों से 50 छाते चोरी; सीसीटीवी फुटेज वायरल

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 1,19,324 रुपये मूल्य की दवाएं और मेडिकल उपकरण जब्त किए। इसमें इंजेक्शन, सिरिंज, एंटीबायोटिक गोलियां, ब्लड प्रेशर मॉनिटर, स्टेथोस्कोप, ब्लड शुगर जांच मशीन, नेब्युलाइजर और अन्य सामान शामिल हैं।

सबसे गंभीर मामला बांद्रा पूर्व में क्लीनिक चलाने वाले मोहम्मद आफताब शौकत खान का सामने आया। छापे के समय क्लीनिक में चार मरीज इलाज के लिए इंतजार कर रहे थे। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि उसने केवल 12वीं तक पढ़ाई की है और उसके पास कोई मेडिकल योग्यता नहीं है। पुलिस को उसके द्वारा पेश किए गए कुछ प्रमाणपत्रों के भी फर्जी होने का संदेह है।

पुलिस ने सगीर अहमद अब्दुल माजिद हाशमी, केशव प्रसाद कुद्दूर पटेल और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे जांच जारी है।

और पढ़ें: कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की चाकू से हत्या, गुस्साए कर्मियों ने काम रोका

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share