मुंबई-सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशनों का काम तेज, 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत बीकेसी और सूरत स्टेशनों का निर्माण तेजी से जारी है। सूरत स्टेशन लगभग तैयार है, जबकि बीकेसी स्टेशन भूमिगत बनाया जा रहा है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर यानी बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) और सूरत स्टेशनों का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। दोनों स्टेशन आधुनिक डिजाइन और सुविधाओं से लैस होंगे। देखने में इनका डिजाइन कुछ हद तक मेट्रो स्टेशनों जैसा नजर आता है, लेकिन इन्हें 300 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से चलने वाली हाई-स्पीड ट्रेनों के लिए तैयार किया जा रहा है।
508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन मुंबई का बीकेसी स्टेशन होगा। इसे जमीन से करीब 30 मीटर नीचे बनाया जा रहा है। यहां बड़े पैमाने पर खुदाई, नींव और भूमिगत ढांचे का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य अब महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुका है।
सूरत स्टेशन में दिखेगी हीरा उद्योग की झलक
सूरत में हाई-स्पीड रेल स्टेशन का मुख्य ढांचा और छत का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल स्टेशन के अंदरूनी हिस्सों को अंतिम रूप देने का काम जारी है। स्टेशन का डिजाइन सूरत के प्रसिद्ध हीरा काटने और पॉलिश करने वाले उद्योग से प्रेरित है।
स्टेशन के अंदर सीढ़ियों, प्लेटफॉर्म, छत और ट्रैक से जुड़े निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। स्टेशन पर ‘सूरत’ का साइनबोर्ड भी लगाया जा चुका है। इस कॉरिडोर पर चलने वाली ट्रेनें अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से दौड़ेंगी।
2027 में शुरू हो सकता है पहला चरण
रेल मंत्रालय के अनुसार, परियोजना के पहले चरण में सूरत से वापी के बीच बुलेट ट्रेन सेवा अगस्त 2027 में शुरू की जा सकती है। भारत ने हाई-स्पीड रेल के लिए स्वदेशी ट्रेन विकसित करने की प्रक्रिया भी शुरू की है। इन ट्रेनों को बी28 नाम दिया गया है और इनकी अधिकतम गति 280 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
केंद्र सरकार ने बजट 2026-27 में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की है। इनमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर शामिल हैं।
और पढ़ें: 2027 से दौड़ेगी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन, शुरुआत में चलेगी स्वदेशी हाई-स्पीड ट्रेन