मुंबई में 1 सितंबर से महंगा होगा टैक्सी-ऑटो का सफर, जानें नई दरें
मुंबई में 1 सितंबर 2026 से टैक्सी और ऑटो का किराया बढ़ जाएगा। टैक्सी के न्यूनतम किराए में दो रुपये और ऑटो किराए में एक रुपये की बढ़ोतरी होगी।
मुंबई में सीएनजी से चलने वाली काली-पीली टैक्सियों और ऑटो-रिक्शा से सफर करने वालों को अब ज्यादा किराया देना होगा। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (एमएमआरटीए) ने 1 सितंबर 2026 से टैक्सी और ऑटो के किराए में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह फैसला महाराष्ट्र के परिवहन सचिव की अध्यक्षता में हुई एमएमआरटीए की बैठक में लिया गया। किराया बढ़ाने के लिए चार सदस्यीय खटुआ समिति की सिफारिशों और तय फार्मूले को आधार बनाया गया है।
नई दरों के अनुसार, मुंबई में काली-पीली टैक्सी का शुरुआती किराया 1.5 किलोमीटर के लिए 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये हो जाएगा। इसके बाद प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये होगा।
वहीं, ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 1.5 किलोमीटर के लिए 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो जाएगा। इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए यात्रियों को 17.14 रुपये के बजाय 18.22 रुपये चुकाने होंगे।
और पढ़ें: भारत के खिलाफ श्रीलंका की पारी संभली, दिनुशा-केशारा क्रीज पर डटे; भारत को विकेट की तलाश
परिवहन अधिकारियों के मुताबिक, लाखों वाहनों के मीटर को एक साथ नई दरों के अनुसार कैलिब्रेट करना संभव नहीं है। इसलिए किराया लागू होने के शुरुआती दिनों में कुछ वाहनों में पुराने मीटर रेट दिखाई दे सकते हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए आरटीओ ने आधिकारिक टैरिफ कार्ड इस्तेमाल करने की अनुमति दी है, जिसमें नई दरों के अनुसार देय किराया दर्ज होगा।
मीटर कैलिब्रेशन की प्रक्रिया 1 सितंबर से नवंबर के अंत तक चलेगी। निर्धारित समय में मीटर अपडेट नहीं कराने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
मुंबई में करीब 18 महीने बाद टैक्सी और ऑटो के किराए में बदलाव किया गया है। इससे पहले 1 फरवरी 2025 को दोनों के किराए में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। मुंबई महानगर क्षेत्र में 4.5 लाख से अधिक ऑटो-रिक्शा और 50 हजार से ज्यादा काली-पीली टैक्सियां हैं।
और पढ़ें: नेपाल में बाढ़ से लापता 800 लोगों में 300 से ज्यादा भारतीय, विदेश मंत्री ने दी जानकारी