×
 

मुंगेर में हाईटेंशन तार टूटने से चाचा-भतीजे की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

बिहार के मुंगेर में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

बिहार के मुंगेर जिले में सावन महीने के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार टूटकर गिरने से चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गांव में शोक का माहौल है। मृतकों में एक बिहार पुलिस का जवान था, जबकि दूसरा भारतीय रेलवे में कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह रतनपुर गांव में घर के पास लगे ट्रांसफॉर्मर के समीप अचानक हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। उसी समय घर से बाहर निकले पंकज और उनके भतीजे अमन इसकी चपेट में आ गए। बिजली का करंट इतना तेज था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

मृतक अमन बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर समस्तीपुर में तैनात थे। सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक करने के लिए वह दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आए थे। बताया जा रहा है कि वह रविवार शाम को देवघर जाने की तैयारी कर रहे थे। वहीं, उनके चाचा पंकज भारतीय रेलवे में नौकरी करते थे।

और पढ़ें: असम के कछार में फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट, चार मजदूरों की मौत

एक ही परिवार के दो कमाने वाले सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते हाईटेंशन लाइन और ट्रांसफॉर्मर की जांच और मरम्मत की जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

और पढ़ें: कर्नाटक में स्कूल बस पर गिरा विशाल पेड़, एक बच्चे की मौत; मंत्री परमेश्वर ने जताया दुख

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share