नागालैंड में भूस्खलन से सरकारी भवन भरभराकर गिरा, कुछ ही सेकंड में ढह गई इमारत
नागालैंड के तुएनसांग में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन से जिला परिवहन कार्यालय की इमारत ढह गई। भवन पहले ही खाली कराया जा चुका था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
नागालैंड के तुएनसांग में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन से जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) की इमारत बुधवार सुबह अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा पोस्ट ऑफिस वार्ड इलाके में हुआ। राहत की बात यह रही कि इमारत को पहले ही असुरक्षित घोषित कर खाली करा दिया गया था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन के अनुसार, लगातार बारिश के कारण भवन की संरचना बुरी तरह कमजोर हो गई थी। 23 जुलाई 2026 को तुएनसांग की उपायुक्त और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष लिथ्रोंगला टोंगपी रुत्सा ने तकनीकी और संरचनात्मक जांच के बाद भवन को तत्काल गिराने का आदेश दिया था।
इसके बाद 24 जुलाई से जिला परिवहन कार्यालय को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया। कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने, वाहनों का पंजीकरण, कर संग्रह, परमिट और अन्य मोटर वाहन संबंधी सेवाएं रोक दी गई थीं।
और पढ़ें: छोटा देश आर्मेनिया भारत से अरबों के हथियार क्यों खरीद रहा है? जानिए इसकी रणनीतिक वजह
लंबे समय से जारी मानसून ने तुएनसांग जिले में गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। नागालैंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनएसडीएमए) के अनुसार, 19 जुलाई से अब तक भूस्खलन और जमीन धंसने की घटनाओं के कारण 49 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें डीटीओ कार्यालय के नीचे रहने वाले 44 परिवार और पोस्ट ऑफिस वार्ड तथा बाजार-ए वार्ड के पांच परिवार शामिल हैं।
इलाके में जमीन लगातार धंस रही थी और इसकी रफ्तार करीब छह से आठ इंच प्रतिदिन बताई गई। इससे पहले दो असुरक्षित इमारतों को भी गिराया जा चुका था।
आपदा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग के आवास प्रभाग के तहत आपदा प्रतिक्रिया बल को आपातकालीन विध्वंस की जिम्मेदारी दी गई थी। प्रशासन ने अभियान के दौरान आम लोगों और अनधिकृत व्यक्तियों के क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगा दी थी।
प्रभावित लोगों के लिए तुएनसांग टाउन हॉल में राहत शिविर बनाए गए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को आपातकालीन राहत सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।