दतिया उपचुनाव: मंच पर भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, बोले- अशुतोष तिवारी की जीत के लिए घर-घर जाऊंगा
दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी अशुतोष तिवारी के समर्थन में नरोत्तम मिश्रा भावुक हो गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव जीताने और घर-घर प्रचार का संकल्प लिया।
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पार्टी उम्मीदवार अशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित एक जनसभा के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पार्टी के निर्णय का सम्मान करने तथा अशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "मैं घर-घर जाऊंगा, गांव-गांव जाऊंगा और दतिया के हर नागरिक के सामने सिर झुकाकर अशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करूंगा।" उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव प्रचार करेगा और किसी को भी यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि कार्यकर्ता घर बैठेंगे।
दरअसल, भाजपा द्वारा दतिया उपचुनाव के लिए अशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद नरोत्तम मिश्रा के कुछ समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली थी। समर्थकों को उम्मीद थी कि पार्टी इस सीट से एक बार फिर नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार बनाएगी। टिकट की घोषणा के बाद दतिया में कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी हुआ था। हालांकि पार्टी नेतृत्व अपने फैसले पर कायम रहा।
इसके बाद नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने और पार्टी के निर्णय को स्वीकार करने की अपील की। अब उन्होंने स्वयं चुनाव प्रचार की कमान संभालते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया है।
दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। यह सीट लंबे समय तक नरोत्तम मिश्रा का मजबूत राजनीतिक गढ़ रही है। उन्होंने वर्ष 2008, 2013 और 2018 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की थी।
हालांकि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस के राजेंद्र भारती से हार का सामना करना पड़ा था। बाद में धोखाधड़ी के एक मामले में तीन वर्ष की सजा मिलने के बाद राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई। इसके चलते इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। कांग्रेस ने इस बार पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने अशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है।
और पढ़ें: मैं आत्महत्या कर लूंगा, चुनाव आयोग पर टिप्पणी को लेकर मनमोहन सिंह ने एस.वाई. कुरैशी से कही थी यह बात