व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी करने वाला नासिर बेस्ट की पहचान, खुद को जीसस मानता था आरोपी
व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग करने वाले नासिर बेस्ट की पहचान हुई है। मानसिक रूप से अस्थिर आरोपी खुद को ‘जीसस क्राइस्ट’ बताता था और पहले भी सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था।
अमेरिका के व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, मैरीलैंड निवासी नासिर बेस्ट कथित तौर पर खुद को ‘जीसस क्राइस्ट’ मानता था। उसने व्हाइट हाउस परिसर के पास 17वीं स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू नॉर्थ-वेस्ट इलाके में स्थित सुरक्षा चौकी पर करीब 30 राउंड फायरिंग की।
बताया गया है कि नासिर बेस्ट पहले से अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की निगरानी में था। वह कई बार व्हाइट हाउस के सुरक्षा बैरिकेड्स के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता पाया गया था। उसके खिलाफ पहले अदालत द्वारा उस इलाके में आने पर प्रतिबंध भी लगाया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2025 में उसे वॉशिंगटन के 15वीं स्ट्रीट और ई स्ट्रीट इलाके में यातायात बाधित करने के आरोप में जबरन मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया था। इसके बाद जुलाई 2025 में उसे व्हाइट हाउस के प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध तरीके से प्रवेश करने के आरोप में फिर गिरफ्तार किया गया। हिरासत के दौरान उसने पुलिस और सीक्रेट सर्विस अधिकारियों से कहा था कि वह “जीसस क्राइस्ट” है और “गिरफ्तार होना चाहता है।”
और पढ़ें: ट्रंप पर हमले की कोशिश पर कांग्रेस नेता का विवादित बयान: जैसा करोगे वैसा भरोगे
नासिर बेस्ट एक बैग लेकर सुरक्षा चौकी के पास पहुंचा और अचानक हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने उसे गोली मार दी। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ है।
घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। फिलहाल एजेंसियां हमले के मकसद की जांच कर रही हैं।
और पढ़ें: व्हाइट हाउस प्रेस डिनर शूटिंग पर ट्रंप का बयान: मैं चिंतित नहीं था, आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर