कांग्रेस रैली के ट्रैफिक जाम में फंसे तीन छात्र, नीट पुनर्परीक्षा केंद्र पर 2 मिनट देर से पहुंचे, नहीं मिली एंट्री
बेंगलुरु में कांग्रेस रैली से बने ट्रैफिक जाम के कारण तीन छात्राएं नीट पुनर्परीक्षा केंद्र पर दो मिनट देर से पहुंचीं। नियमों के चलते उन्हें परीक्षा में प्रवेश नहीं मिला।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा के दौरान रविवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक भावुक घटना सामने आई। कांग्रेस की रैली के कारण लगे भारी ट्रैफिक जाम में फंसने से तीन छात्राएं परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से मात्र दो मिनट देरी से पहुंचीं, जिसके चलते उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।
यह घटना बेंगलुरु के आरसी गवर्नमेंट कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार दोपहर 1:30 बजे बंद किया जाना था। अधिकारियों ने 1:29 बजे सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से अंतिम सूचना भी जारी की थी कि 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। निर्धारित समय पर गेट बंद कर दिया गया।
हालांकि, दोपहर 1:32 बजे तीन छात्राएं परीक्षा केंद्र पहुंचीं, लेकिन तब तक मुख्य द्वार बंद हो चुका था। छात्राओं और उनके अभिभावकों ने प्रवेश की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। निराश छात्राओं ने मुख्य गेट की रेलिंग पार कर परिसर में प्रवेश भी किया, लेकिन परीक्षा भवन का प्रवेश द्वार भी परीक्षा नियमों के अनुसार बंद किया जा चुका था।
और पढ़ें: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम शुरू, 23 लाख अभ्यर्थी दे रहे परीक्षा; देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद अभिभावकों का आरोप था कि छात्राएं समय पर घर से निकली थीं, लेकिन शहर में कांग्रेस की रैली के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे वे केवल दो मिनट देर से पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से मानवीय आधार पर प्रवेश देने की मांग की, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी गई।
उल्लेखनीय है कि प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच के बीच 3 मई को आयोजित मूल परीक्षा रद्द किए जाने के बाद नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 केंद्रों सहित कुल 5,440 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे और 51,311 जैमर लगाए गए हैं।
और पढ़ें: देहरादून में नीट-यूजी री-एग्जाम के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी