फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार को नेतन्याहू ने बताया सच्चा हीरो, इजरायल आने का दिया न्योता
फ्लाईदुबई के भारतीय कप्तान स्मित मच्छार ने कॉकपिट हमले के बावजूद विमान को बचाया। बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें सच्चा हीरो बताया और इजरायल स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई के भारतीय कप्तान स्मित मच्छार को ‘सच्चा हीरो’ बताते हुए उन्हें इजरायल आने का न्योता दिया है। नेतन्याहू ने शनिवार को फोन पर हुई बातचीत के दौरान मच्छार की बहादुरी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वह भारत और इजरायल के बहादुर लोगों के साथ-साथ पूरी दुनिया के नायक हैं।
नेतन्याहू ने भारतीय पायलट को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मच्छार ने विमान में हुए हमले के बावजूद जिस साहस का परिचय दिया, वह असाधारण है। नेतन्याहू ने इससे पहले इंटरव्यू में कहा था कि पायलट, यात्रियों और चालक दल के अन्य सदस्यों ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया और संभावित रूप से ‘9/11 जैसी आपदा’ रोकने में सफलता हासिल की।
स्मित मच्छार फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में कथित तौर पर ओमानी सह-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कॉकपिट में कप्तान मच्छार पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। आरोप है कि उसने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की।
और पढ़ें: फ्लाईदुबई घटना में शामिल लोगों से बहुत भारी कीमत वसूलेंगे: नेतन्याहू
हमले के बाद विमान करीब दो मिनट में 17 हजार फीट से अधिक नीचे उतर गया और हाईजैकिंग संबंधी आपातकालीन संकेत भेजा गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कथित प्रयास को विफल कर दिया और विमान को सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाई।
इससे पहले दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने भी अस्पताल में मच्छार से मुलाकात की। उन्होंने भारतीय पायलट के साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व ने भी उनके प्रयासों की प्रशंसा की है।
और पढ़ें: फ्लाईदुबई के सह-पायलट ने ली थी कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा की शिक्षा: नेतन्याहू