झांसी रेलवे स्टेशन पर तलवार लेकर ट्रेन के आगे कूदा निहंग, 10 मिनट तक ट्रैक पर मचा हंगामा
झांसी रेलवे स्टेशन पर तलवार लेकर एक निहंग ट्रेन के आगे रेलवे ट्रैक पर कूद गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी और यात्रियों ने समझाया।
उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निहंग सिख हाथ में तलवार लेकर ट्रेन के इंजन के सामने रेलवे ट्रैक पर कूद गया। घटना के बाद लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। निहंग करीब 10 मिनट तक तलवार लेकर ट्रैक पर खड़ा रहा और ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने देने की बात कहता रहा।
जानकारी के मुताबिक, 12286 हजरत निजामुद्दीन-सिकंदराबाद दूरंतो एक्सप्रेस स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान निहंग अचानक ट्रेन के इंजन के सामने पटरी पर पहुंच गया। उसके हाथ में तलवार थी। रेलवे कर्मचारियों ने उसे समझाने और ट्रैक से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह तलवार लहराते हुए उन्हें पीछे रहने का इशारा करता रहा।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए ट्रेन में सवार दो सिख यात्री निहंग के पास पहुंचे। दोनों ने उससे बातचीत शुरू की और काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की। समझाने के बाद वह ट्रैक से हटकर प्लेटफॉर्म पर आ गया, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा रेलवे पटरी पर पहुंच गया।
और पढ़ें: व्हाट्सऐप की निगरानी के लिए नई गाइडलाइन जारी करने का दावा फर्जी, सरकार ने किया खंडन
इसके बाद दोनों यात्रियों ने फिर उससे बातचीत की और उसे शांत करने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद निहंग आखिरकार ट्रैक से हट गया। इसके बाद दूरंतो एक्सप्रेस को सिकंदराबाद के लिए रवाना कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाला निहंग इसी ट्रेन में यात्रा कर रहा था। घटना के दौरान रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि वह तलवार लेकर करीब 10 मिनट तक ट्रैक पर मौजूद रहा, लेकिन आरपीएफ और जीआरपी के जवान तत्काल मौके पर नहीं पहुंचे।
फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि निहंग तलवार लेकर ट्रैक तक कैसे पहुंचा और वह ऐसा क्यों कर रहा था।
और पढ़ें: 1918-19 की फ्लू महामारी ने दिल्ली में मचाई थी तबाही, शहर में 7,044 और पूरे प्रांत में 23,175 मौतें