×
 

बिहार में सियासी हलचल तेज: नीतीश कुमार के बेटे निशांत के विधान परिषद में जाने की संभावना

बिहार में नीतीश कुमार के बेटे निशांत के विधान परिषद में जाने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही एनडीए और आरजेडी के बीच उपमुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी विवाद भी जारी है।

बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत के विधान परिषद (लैजिस्टेटिव काउंसिल) में भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है। यह चर्चा तब शुरू हुई जब उन्हें हाल ही में सम्राट चौधरी के कैबिनेट में शामिल किया गया था। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश के भी विधान परिषद में जगह पाने की संभावना है।

बिहार विधान परिषद की कुल 10 सीटें जून में खाली हो रही हैं। इनमें से नौ सदस्यों का कार्यकाल 28 जून को समाप्त होगा, जबकि एक सीट पहले ही नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के कारण रिक्त है। माना जा रहा है कि मई के अंत तक इन सीटों के लिए चुनाव की घोषणा हो सकती है।

इसी बीच पटना के गांधी मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में 32 एनडीए नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

और पढ़ें: नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की, कैबिनेट विस्तार के बाद शुभकामनाएं दी

वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने उपमुख्यमंत्री पद को लेकर सवाल खड़े किए हैं। आरजेडी का कहना है कि 15 अप्रैल की अधिसूचना में विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बताया गया था, लेकिन 7 मई की अधिसूचना में उन्हें केवल मंत्री के रूप में दर्ज किया गया।

आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस पर स्पष्टता की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि दोनों नेता अभी उपमुख्यमंत्री हैं या नहीं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरजेडी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि 15 अप्रैल की अधिसूचना में दोनों नेताओं को स्पष्ट रूप से उपमुख्यमंत्री बताया गया है, जबकि 7 मई की अधिसूचना केवल विभागों के आवंटन के लिए थी।

और पढ़ें: सर्वांगीण विकास के संकल्प से बिहार नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share