×
 

केंद्रापड़ा में बाइक सवार के पेट में घुसी पेड़ की सूखी डाल, गंभीर हालत में कटक रेफर

ओडिशा के केंद्रापड़ा में बाइक सवार पवित्र प्रधान पर सूखी पेड़ की डाल गिर गई। डाल का हिस्सा पेट में घुसने से वह गंभीर घायल हुए और कटक रेफर किए गए।

ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ। केंद्रापड़ा सदर थाना क्षेत्र के गंडाकिया रोड पर बाइक से जा रहे 22 वर्षीय युवक के ऊपर सड़क किनारे मौजूद पेड़ की सूखी डाल अचानक टूटकर गिर गई। डाल गिरने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उसका टूटा हुआ हिस्सा युवक के पेट में जा घुसा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान कंसार गांव निवासी पवित्र प्रधान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पवित्र अपनी बाइक से केंद्रापड़ा शहर की ओर जा रहे थे। वह कंसार के पास गंडाकिया रोड पर पहुंचे ही थे कि पेड़ की सूखी डाल अचानक टूटकर उनकी बाइक पर गिर गई।

डाल के गिरने से पवित्र बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसी दौरान सूखी डाल का एक हिस्सा उनके पेट में घुस गया। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सड़क से उठाकर केंद्रापड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया।

और पढ़ें: आरके पुरम में कार ने बाइक को टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीटा, 73 वर्षीय चालक हिरासत में

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पवित्र की हालत बिगड़ने लगी। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें कटक के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज कटक के निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस हादसे के बाद सड़क किनारे मौजूद सूखे और कमजोर पेड़ों को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल उठने लगे हैं। व्यस्त सड़कों के किनारे ऐसे पेड़ और सूखी डालियां वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बन सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को समय-समय पर ऐसे पेड़ों की पहचान कर जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

और पढ़ें: बाइक खड़े वाहन से टकराई, सड़क पर गिरे चार लोगों को ट्रक ने कुचला; दो बच्चों समेत 4 की मौत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share