×
 

ओडिशा में थार से बांधकर एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

ओडिशा के बालेश्वर में बदमाशों ने थार गाड़ी से बांधकर एटीएम मशीन उखाड़ ली और नकदी चोरी कर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

ओडिशा के बालेश्वर जिले में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां बदमाशों ने एक एटीएम मशीन को ही उखाड़ लिया और उसे थार गाड़ी से बांधकर घसीटते हुए ले गए। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार तड़के करीब 2 बजे खैरा थाना क्षेत्र के तुड़ीगड़िया बाजार में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पांच से अधिक बदमाश एक काले रंग की थार में सवार होकर एटीएम कियोस्क पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले एटीएम के गेट को तोड़ा और फिर मशीन को वाहन से बांधकर उखाड़ लिया।

बदमाश एटीएम मशीन को सड़क पर घसीटते हुए एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने मशीन को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली और क्षतिग्रस्त एटीएम को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

और पढ़ें: पंजाब में महिला हेल्प डेस्क पर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों की 2.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज

पुलिस के मुताबिक, घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बदमाशों को थार से एटीएम मशीन बांधकर ले जाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

फिलहाल एटीएम से कितनी रकम चोरी हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर एटीएम में मौजूद नकदी की जानकारी जुटा रही है।

घटना के बाद तुड़ीगड़िया बाजार के स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ समय से चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही खैरा पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर छोड़ी गई एटीएम मशीन को बरामद किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी का पता लगाया जा रहा है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

और पढ़ें: गाजियाबाद के निर्माणाधीन मॉल में मिली 7 वर्षीय बच्ची की लाश, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share