×
 

ओडिशा में बड़ा घूसकांड: रिटायरमेंट से पहले विजिलेंस ने इंजीनियर को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

ओडिशा विजिलेंस ने रायगढ़ के इंजीनियर प्रसन्न कुमार पटनायक को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। छापेमारी में 5.39 लाख नकद और कई संपत्तियों का खुलासा हुआ।

ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस विभाग ने रायगढ़ा के ग्रामीण कार्य विभाग (RWD-I) के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रसन्न कुमार पटनायक को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी अधिकारी 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन रिटायरमेंट से ठीक पहले ही गिरफ्त में आ गए।

मामला एक ठेकेदार की शिकायत से सामने आया। ठेकेदार का आरोप था कि उसने विभाग के कई काम पूरे किए थे, जिनके लगभग 50 लाख रुपये के बिल लंबे समय से लंबित थे। साथ ही उसे नए टेंडर में भाग लेने के लिए कार्य अनुभव प्रमाणपत्र की भी जरूरत थी।

आरोप है कि प्रसन्न कुमार पटनायक ने बिलों के भुगतान और प्रमाणपत्र जारी करने के बदले पहले 2.5 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान यह रकम घटाकर 2 लाख रुपये तय हुई।

और पढ़ें: ओडिशा में इंजीनियर पर बड़ी कार्रवाई: 5 इमारतें, 13 प्लॉट और ₹2 करोड़ नकद बरामद, विजिलेंस जांच तेज

शिकायत मिलने के बाद ओडिशा विजिलेंस विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी इंजीनियर को ठेकेदार से रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया। मौके से पूरी 2 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली गई।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की। भुवनेश्वर के नंदन विहार स्थित बसुंधरा कॉलोनी में आरोपी का आलीशान घर भी जांच के दायरे में आया, जहां छत पर बने स्विमिंग पूल ने अधिकारियों को भी चौंका दिया।

इसके अलावा नयागढ़ स्थित पैतृक घर, रायगढ़ा का सरकारी क्वार्टर और कार्यालय में भी तलाशी ली गई। रायगढ़ा स्थित आवास से 3.39 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इस तरह कुल 5.39 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

इस मामले में कोरापुट विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी की संपत्तियों और आय के स्रोतों की गहन जांच जारी है। यह कार्रवाई सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

और पढ़ें: जातिसूचक टिप्पणी विवाद: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब एससी आयोग के सामने मांगी माफी, धार्मिक स्थलों पर मत्था टेकने के निर्देश

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share