×
 

यूपी के चार हिस्सों में बंटने का दावा, पूर्वांचल में राजभर समाज का बेटा बनेगा सीएम: ओपी राजभर

ओमप्रकाश राजभर ने देवरिया की रैली में दावा किया कि उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंट सकता है। उन्होंने पूर्वांचल राज्य बनने पर राजभर समाज के बेटे के मुख्यमंत्री बनने की बात कही।

देवरिया में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की सामाजिक समरसता रैली में कैबिनेट मंत्री और पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश चार हिस्सों में बंट सकता है। राजभर ने कहा कि यदि पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो वहां राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा।

देवरिया के सोनूघाट स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित रैली में राजभर ने आरक्षण, शिक्षा और सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण में हिस्सेदारी का सवाल उठाते हुए आरक्षण के बंटवारे की मांग दोहराई।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि जातिगत जनगणना के बाद आरक्षण में हिस्सेदारी के मुद्दे पर आगे बढ़ने की जरूरत है। उनका दावा था कि पिछड़े वर्ग को 1993 से 27 फीसदी आरक्षण मिल रहा है, लेकिन इसका लाभ कुछ ही जातियों तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ सभी पिछड़े वर्गों तक पहुंचाने के लिए इसके बंटवारे की जरूरत है।

और पढ़ें: पद की गरिमा बनाए रखने में नाकाम रहे: योगी आदित्यनाथ का पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी पर हमला

राजभर ने कहा कि आरक्षण में हिस्सेदारी की मांग को लेकर लखनऊ में दो बार पंचायत की गई। उन्होंने रोहिणी आयोग के गठन का भी उल्लेख किया और कहा कि यह मुद्दा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी उठाया जा चुका है।

रैली में उन्होंने गरीबों के इलाज, आयुष्मान कार्ड और पेंशन जैसी सरकारी योजनाओं का जिक्र किया। शिक्षा पर जोर देते हुए राजभर ने कहा कि गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चों को पढ़ाना जरूरी है। उनके मुताबिक समाज के बेटे-बेटियां शिक्षित होंगे, तभी विकास संभव होगा।

और पढ़ें: यूपी में ओवैसी का सियासी हमला, बोले- पार्टियों ने मुसलमानों से सिर्फ वोट लिया, हक और हिस्सेदारी नहीं दी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share