पाकिस्तान की ISI की बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा, दिल्ली का ऐतिहासिक मंदिर और मुरथल ढाबा थे निशाने पर
दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिश का खुलासा किया है। दिल्ली का ऐतिहासिक मंदिर, मुरथल ढाबा और सैन्य ठिकाने आतंकियों के निशाने पर बताए गए हैं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और शहजाद भट्टी मॉडल से जुड़ी एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों के निशाने पर दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर था। आरोप है कि मॉडल से जुड़े एक आरोपी ने मंदिर की रेकी की थी और उसकी तस्वीरें पाकिस्तान में बैठे सोशल मीडिया हैंडलर्स को भेजी थीं। जांच में यह भी सामने आया कि आतंकियों की योजना पहले मंदिर की सुरक्षा में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बलों पर गोलीबारी करने और उसके बाद धार्मिक स्थल पर हमला करने की थी।
इसके अलावा मुरथल स्थित एक प्रसिद्ध ढाबा भी आतंकियों के निशाने पर था। दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित यह ढाबा हर दिन हजारों लोगों से भरा रहता है। सूत्रों के अनुसार, यहां हैंड ग्रेनेड से हमला कर बड़े पैमाने पर तबाही और दहशत फैलाने की योजना बनाई गई थी।
और पढ़ें: दिल्ली में मुठभेड़ के बाद हत्या का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल
जांच एजेंसियों ने खुलासा किया कि हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप की भी रेकी की गई थी और उसके वीडियो पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजे गए थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थानों में तैनात पुलिसकर्मी भी आतंकियों के निशाने पर थे।
यह खुलासा उस कार्रवाई के बाद हुआ जिसमें दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर दिल्ली समेत कई राज्यों से शहजाद भट्टी मॉडल से जुड़े नौ आतंकियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान हथियारों का जखीरा और कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
वहीं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक अलग मामले में आईएसआईएस से जुड़े जैविक आतंकवाद की साजिश का खुलासा किया है। एजेंसी ने हैदराबाद के डॉक्टर सैयद अहमद मोहिउद्दीन समेत तीन आरोपियों के खिलाफ अहमदाबाद की विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी विदेशी आईएसआईएस संचालकों के निर्देश पर काम कर रहे थे और जहरीले रसायन ‘रिसिन’ का इस्तेमाल कर सार्वजनिक स्थानों पर सामूहिक जहर फैलाने की योजना बना रहे थे। रिसिन बेहद घातक जैविक विष माना जाता है।
और पढ़ें: दिल्ली में ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया