पणजी नगर निगम चुनाव 2026: बीजेपी की बाबुश पैनल की बड़ी जीत, 30 में से 27 वार्डों पर कब्जा
पणजी नगर निगम चुनाव 2026 में बीजेपी की ‘बाबुश’ पैनल ने 30 में से 27 वार्ड जीतकर विपक्ष को करारी हार दी। ‘अमी पांजेकड़’ को केवल तीन सीटें मिलीं।
गोवा की राजधानी पणजी में हुए सिटी ऑफ पणजी कॉरपोरेशन (सीसीपी) चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ‘बाबुश’ मोंसेराटे पैनल ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। शुक्रवार 13 मार्च को श्याम प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना के बाद घोषित परिणामों में बीजेपी समर्थित उम्मीदवारों ने 30 में से 27 वार्डों पर कब्जा कर विपक्ष को करारी शिकस्त दी।
यह चुनाव 11 मार्च को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ था। चुनाव में कुल 69 उम्मीदवारों ने 48 मतदान केंद्रों पर किस्मत आजमाई थी। मतदाताओं की भागीदारी भी काफी उत्साहजनक रही और कुल मतदान प्रतिशत 69.07 रहा। वार्ड 23 में सबसे अधिक 81.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
बीजेपी समर्थित पैनल का नेतृत्व अतानासियो ‘बाबुश’ मोंसेराटे कर रहे थे। परिणाम सामने आने के बाद उन्होंने कहा कि यह जीत दिखाती है कि बीजेपी की पकड़ पणजी में मजबूत बनी हुई है और संयुक्त विपक्ष भी इसे कमजोर नहीं कर सका।
और पढ़ें: पणजी निगम चुनाव 2026: बीजेपी के उम्मेदवारों ने मारी बाज़ी, अय़मी पांजेकड़ की चुनौती पर भारी
बीजेपी के कई उम्मीदवारों ने अपने-अपने वार्डों में जीत हासिल की। इनमें वार्ड 22 से दीक्षा माइनकर ने नेहा कावलेकर को हराया। वार्ड 30 में सिल्वेस्ट्रे फर्नांडिस ने वैभव सालगांवकर को लगभग 100 वोटों से मात दी। वार्ड 20 से शुभम चोडणकर ने महेश रेवणकर को पराजित किया, जबकि वार्ड 28 से रुपेश रविंद्र हलार्णकर ने जीत दर्ज की।
इसके अलावा विठ्ठल चोपडेकर, विद्या सतीश गडकऱ, किर्ती साखलकर, करण यतीन पारेख, मनीषा मनेरकर, शायनी चोपडेकर, किशोर सास्त्री, कृष्णा रामदास शिरोडकर, अस्मिता केरकर और वर्षा हरि शेट्ये समेत कई उम्मीदवारों ने बीजेपी के लिए जीत हासिल की।
वहीं, उत्कल पर्रीकर के नेतृत्व वाली ‘अमी पांजेकड़’ को केवल तीन वार्डों में जीत मिली। इनमें वार्ड 7 से लियोनिड फुर्ताडो, वार्ड 17 से जैक अजीत सुखिजा और वार्ड 29 से लिबेराटा मेंडेस ई आचारी विजयी रहे।
इस बड़ी जीत के साथ बीजेपी ने पणजी नगर निगम में अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखी है, जिसका असर आगामी राज्य चुनावों की राजनीति पर भी पड़ सकता है।
और पढ़ें: पणजी नगर निगम चुनाव 2026: भाजपा को भारी बढ़त, जीत की राह पर CCP