बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने निकले पप्पू यादव की नाव जलकुंभी में फंसी, कई घंटे नदी में रुके
बिहार में बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे सांसद पप्पू यादव की छोटी नाव मोहिउद्दीननगर में जलकुंभी में फंस गई। उन्हें कई घंटे नदी में रुकना पड़ा।
बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसी बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बाढ़ के पानी के बीच नदी में फंसे नजर आ रहे हैं। बताया गया कि बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जानने के दौरान उनकी छोटी नाव जलकुंभी में फंस गई, जिसके कारण उन्हें कई घंटे तक नदी के बीच रुकना पड़ा।
पप्पू यादव बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर पहुंचे थे। वह एक छोटी डेंगी नाव से प्रभावित क्षेत्रों में जा रहे थे। इसी दौरान घनी जलकुंभी के बीच नाव फंस गई।
पप्पू यादव ने कहा कि मोहिउद्दीननगर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जाते समय उनकी डेंगी फंस गई। उन्होंने कहा कि वह बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
और पढ़ें: बिहार बाढ़ पीड़ितों को बड़ी राहत, 8.27 लाख परिवारों के खाते में भेजे जाएंगे 7-7 हजार रुपये
बिहार में भारी बारिश के कारण 15 जिलों में करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक कुल 49.67 लाख लोग प्रभावित हैं। इनमें पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अररिया शामिल हैं।
प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में 1,248 सामुदायिक रसोई और 13 राहत शिविर चला रहा है। करीब 11,508 लोगों के लिए भोजन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राहत-बचाव के लिए एसडीआरएफ की 27 और एनडीआरएफ की 10 टीमें तैनात हैं।
और पढ़ें: बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 47 लाख से अधिक लोग प्रभावित