परीक्षा पे चर्चा 2026: पीएम मोदी आज छात्रों से करेंगे संवाद, तनाव मुक्त परीक्षा पर देंगे टिप्स
परीक्षा पे चर्चा 2026 में पीएम मोदी आज छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य परीक्षा तनाव कम करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और परीक्षाओं को उत्सव की तरह मनाने के लिए प्रेरित करना है।
परीक्षा पे चर्चा 2026 के नौवें संस्करण के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देशभर के छात्रों के साथ संवाद करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम सुबह लगभग 10 बजे नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर आयोजित किया जाएगा। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने के लिए प्रेरित करना और परीक्षाओं को एक “उत्सव” के रूप में देखने का संदेश देना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप छात्रों के समग्र विकास पर केंद्रित है।
इस वर्ष परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे चार अन्य स्थानों पर भी आयोजित किया जा रहा है। इनमें असम का गुवाहाटी, छत्तीसगढ़ का रायपुर, तमिलनाडु का कोयंबटूर और गुजरात का देव मोघरा शामिल हैं। इन स्थानों पर भी छात्रों और शिक्षकों की भागीदारी के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे देशभर के विद्यार्थियों को इस पहल से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, परीक्षा पे चर्चा के तहत देशभर के कई स्कूलों, विशेष रूप से केंद्रीय विद्यालयों में छात्र-केंद्रित गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें “स्वदेशी संकल्प दौड़” प्रमुख रही, जिसमें लगभग 4.81 करोड़ छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया। मंत्रालय ने बताया कि इस वर्ष के कार्यक्रम में कुल 4.50 करोड़ छात्र, शिक्षक और अभिभावक जुड़े हैं, जो इस पहल के प्रति राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
और पढ़ें: पीएम मोदी : नेहरू ने अपने ही नागरिकों को समस्या माना, कांग्रेस पर किया तीखा हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार कहा है कि परीक्षा पे चर्चा उनके लिए एक विशेष और प्रेरणादायक पहल है, जिसके माध्यम से वे छात्रों से सीधे संवाद कर पाते हैं। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने, परीक्षा के डर को दूर करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
और पढ़ें: परीक्षा पे चर्चा 2026: पीएम मोदी के 10 बड़े एग्जाम टिप्स, तनाव से सफलता तक का मंत्र