×
 

पटना में गंगा-पुनपुन का जलस्तर बढ़ा, वेयरहाउस में घुसा पानी और कई ट्रैक्टर डूबे

पटना में गंगा और पुनपुन का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया। दीदारगंज वेयरहाउस में कई ट्रैक्टर डूबे, प्रशासन ने राहत अभियान तेज किया।

पटना में गंगा और पुनपुन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आसपास के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। इसका असर दीदारगंज क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। दीदारगंज फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित ट्रैक्टर वेयरहाउस में पानी घुस गया है। गोदाम परिसर में खड़े कई नए ट्रैक्टर पानी में पूरी तरह डूब गए हैं। इससे वाहनों को भारी नुकसान होने की आशंका है।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। अधिकारियों ने गंगा के विभिन्न घाटों, सामुदायिक रसोई केंद्रों और पुनपुन क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन और राहत कार्यों के लिए 189 नावें तैनात की गई हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 34 एंबुलेंस और 20 मेडिकल कैंप सक्रिय हैं। प्रभावित लोगों के लिए 34 सामुदायिक रसोई केंद्र चलाए जा रहे हैं, जहां जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

और पढ़ें: हाजीपुर में गंडक नदी का 25 फीट रिंग बांध टूटा, सैकड़ों घरों में घुसा बाढ़ का पानी

पशुधन की सुरक्षा के लिए 15 पशु शिविर लगाए गए हैं। अब तक करीब 1,680 पशुओं का उपचार किया जा चुका है और एक हजार क्विंटल से अधिक पशुचारा वितरित किया गया है। प्रभावित परिवारों को 6,018 पॉलीथीन शीट भी उपलब्ध कराई गई हैं।

रेस्क्यू अभियान के लिए एसडीआरएफ की आठ और एसएसबी की दो टीमें तैनात हैं। दियारा क्षेत्रों में वन्यजीवों के आबादी वाले इलाकों में आने की आशंका को देखते हुए वन विभाग की रेस्क्यू टीम भी सक्रिय है।

बाढ़ के कारण पटना-गया रेलखंड भी प्रभावित हुआ है। पुनपुन और परसा बाजार स्टेशनों के बीच पुल संख्या 21 पर जलस्तर बढ़ने से कुछ ट्रेनों को रद्द या मार्ग परिवर्तित किया गया है।

वहीं, वैशाली के राघोपुर में महात्मा गांधी सेतु के पास 11 लोगों से भरी नाव तेज धारा में पलट गई। नौ लोगों को बचा लिया गया, जबकि दो की तलाश जारी है।

और पढ़ें: बिहार में बाढ़ राहत कार्य तेज करने के निर्देश, 24 घंटे सामुदायिक रसोई चलाने को कहा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share