फोएबे लिचफील्ड ने तोड़ा शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड, लीड्स ने बर्मिंघम को नौ विकेट से हराया
फोएबे लिचफील्ड ने महिला हंड्रेड में सबसे तेज अर्धशतक का शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दीप्ति शर्मा के तीन विकेटों से लीड्स ने बर्मिंघम को नौ विकेट से हराया।
ऑस्ट्रेलिया की अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड ने महिला हंड्रेड इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक का भारतीय बल्लेबाज शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सनराइजर्स लीड्स की ओर से खेलते हुए लिचफील्ड ने महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अपनी टीम को एजबेस्टन में बर्मिंघम फीनिक्स के खिलाफ नौ विकेट से शानदार जीत दिलाई। इससे पहले शेफाली ने 2021 में बर्मिंघम फीनिक्स और वेल्श फायर के मुकाबले में 22 गेंदों में अर्धशतक बनाया था।
लिचफील्ड ने 33 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनका स्ट्राइक रेट 215.15 रहा। 108 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लीड्स ने 31 गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया। शुरुआती साझेदार के जल्दी आउट होने के बावजूद लिचफील्ड ने आक्रामक अंदाज नहीं बदला। विकेटकीपर बल्लेबाज लॉरेन विनफील्ड-हिल ने उनका अच्छा साथ दिया और टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
दीप्ति शर्मा ने भी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। भारत की इस ऑलराउंडर ने बर्मिंघम की पारी के दौरान तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए। उन्होंने एनेरी डर्कसन, फातिमा सना और अलाना किंग को आउट किया। दीप्ति के प्रभावी प्रदर्शन के कारण बर्मिंघम की टीम मध्य ओवरों में तेजी से रन नहीं बना सकी और लीड्स के लिए लक्ष्य आसान हो गया।
रिकॉर्ड तोड़ पारी के लिए लिचफील्ड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाना उनकी आक्रामक रणनीति का हिस्सा है और यह तरीका इस मुकाबले में सफल रहा।
इस पारी के साथ लिचफील्ड के इस सीजन में छह पारियों में 207 रन हो गए हैं। उनका औसत 41.40 और स्ट्राइक रेट 153.33 है। जीत के बाद लीड्स अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है और प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है।
और पढ़ें: बेंगलुरु के 5-स्टार होटलों में छापेमारी, सड़ी सब्जियां, खराब मांस और एक्सपायर्ड दूध बरामद