पिंपरी-चिंचवड में खेल रही बच्ची को कार ने कुचला, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
पिंपरी-चिंचवड की सोसाइटी में खेल रही बच्ची कार की चपेट में आकर गंभीर घायल हो गई। हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड के सेक्टर-12 इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक आवासीय सोसाइटी में खेल रही मासूम बच्ची कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की पूरी घटना सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। घायल बच्ची को इलाज के लिए तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा 7 अगस्त की रात करीब 10 बजे सेक्टर-12 स्थित एक आवासीय सोसाइटी के पार्किंग परिसर में हुआ। बच्ची अपने खिलौना स्कूटर पर खेल रही थी। इसी दौरान एक कार वहां से गुजरी और बच्ची उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
और पढ़ें: जम्मू में डिप्टी सीएम के काफिले की गाड़ी की चपेट में आने से बिहार निवासी की मौत
मामले में अभी तक भोसरी एमआईडीसी पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
इससे पहले महाराष्ट्र के ठाणे में भी 7 अगस्त को एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। कासरवडवली इलाके की तारांगन सोसाइटी में 72 वर्षीय विद्यासागर एम.वी. की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, उन्होंने इमारत के डक्ट क्षेत्र में कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे और करीब तीन घंटे के अभियान के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
और पढ़ें: आंध्र प्रदेश में वोल्वो बस ट्रक से टकराकर पोगुरु पुल से गिरी, 40 यात्री घायल