×
 

पीयूष गोयल बोले- तरजीही टैरिफ शर्तें मिलने के बाद ही अमेरिका के साथ व्यापार समझौता होगा अंतिम

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिका से तरजीही टैरिफ शर्तें मिलने के बाद ही भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देगा। उन्होंने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले लाभ पर जोर दिया।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के अंतिम विवरण की घोषणा तभी की जाएगी, जब अमेरिका भारतीय उत्पादों को उसके प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में तरजीही टैरिफ दरें देने पर सहमत होगा।

फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स यानी मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े एक राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि जैसे ही अमेरिका भारत को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बेहतर टैरिफ दर उपलब्ध कराएगा, भारत द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देकर इसके विवरण की घोषणा करेगा।

यह बयान भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित व्यापार समझौता अंतिम चरण में है और सैद्धांतिक रूप से लगभग पूरा हो चुका है।

और पढ़ें: जीडीपी के 7.8% आंकड़े पर सवाल उठाने वालों पर पीयूष गोयल का पलटवार, बोले- ये ही बेरोजगार लोग बचे हैं

भारत और अमेरिका ने फरवरी में समझौते के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका की टैरिफ नीति में बदलाव के बाद दोनों देशों के बीच इस समझौते को लेकर बातचीत आगे बढ़ी। 24 जुलाई से अमेरिका ने भारत समेत कई देशों के उत्पादों पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत टैरिफ लगाया है।

नौ मुक्त व्यापार समझौतों पर जोर

गोयल ने कहा कि भारत के नौ मुक्त व्यापार समझौते करीब 60 लाख करोड़ डॉलर की संयुक्त अर्थव्यवस्था वाले देशों को कवर करते हैं और इनके जरिए वैश्विक व्यापार के लगभग दो-तिहाई हिस्से तक भारतीय उत्पादों को तरजीही पहुंच मिल सकती है।

उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के साथ समझौता जल्द लागू होगा और इसके बाद 27 देशों वाले यूरोपीय संघ के साथ समझौता भी प्रभावी होगा।

सितंबर के अंत में अमेरिका जाएंगे गोयल

गोयल सितंबर के अंत में अमेरिका जाएंगे। वह मिलवॉकी में होने वाली जी-20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक में शामिल होंगे और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। व्यापार समझौता बातचीत का प्रमुख मुद्दा रहेगा।

2025 में भारत का अमेरिका को वस्तु निर्यात 103.82 अरब डॉलर रहा, जबकि अमेरिका से भारत का आयात करीब 45.6 अरब डॉलर था। दोनों देशों के बीच कुल वस्तु व्यापार 149.42 अरब डॉलर रहा।

और पढ़ें: सीईपीए समीक्षा के दौरान जापान में बासमती चावल की अधिक बाजार पहुंच तलाशेगा भारत: पीयूष गोयल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share