पीएम मोदी बोले- असम में NDA की हैट्रिक तय, चुनाव विकसित भारत का जनादेश
पीएम मोदी ने असम में NDA की हैट्रिक का भरोसा जताया और चुनाव को विकसित भारत का जनादेश बताया। उन्होंने विकास, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण योजनाओं पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के गोगामुख में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य ने पिछले दस वर्षों में तेज़ विकास देखा है और जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए को समर्थन देने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बनाने का नहीं, बल्कि “विकसित भारत” के निर्माण का जनादेश है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि असम में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक करेगी। उन्होंने सभा में उमड़ी भीड़ को जनता के समर्थन का स्पष्ट संकेत बताया।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि असम की जनता इस पार्टी को फिर से नकारने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को हार की हैट्रिक और “शतकीय हार” का सामना करना पड़ेगा।
बीजेपी के चुनावी घोषणापत्र का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में 15 लाख से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा और हर जरूरतमंद परिवार को पक्का घर दिया जाएगा। उन्होंने गरीब परिवारों के बच्चों के लिए “केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा” देने का वादा भी दोहराया।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत करीब 3 लाख महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं और आने वाले समय में इस संख्या को 40 लाख तक बढ़ाने का लक्ष्य है।
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। एनडीए गठबंधन लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस वापसी के लिए जोर लगा रही है।
और पढ़ें: असम चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील: बूथ मजबूत करें, AI फर्जी वीडियो से रहें सतर्क