×
 

‘कैच द रेन’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, प्रधानमंत्री मोदी बोले- पानी की हर बूंद बचाना हम सबकी जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कैच द रेन’ अभियान की सफलता पर खुशी जताते हुए नागरिकों से वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हर बूंद पानी बचाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण में देशभर में चल रहे ‘कैच द रेन’ अभियान की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए नागरिकों से वर्षा जल की हर बूंद को बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब गांवों से लेकर शहरों तक जनभागीदारी के साथ एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कार्यक्रम में उन्होंने लोगों से वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की थी। उन्होंने बताया कि ‘कैच द रेन’ अभियान का मूल संदेश बेहद सरल है—“जहां बारिश हो, वहीं और उसी समय वर्षा जल का संरक्षण किया जाए।” इसी उद्देश्य के साथ 4 जुलाई से देशव्यापी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, पुराने जलाशयों के पुनर्जीवन तथा वृक्षारोपण जैसे कार्यों को नई गति दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में पंचायतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।

और पढ़ें: सारनाथ को यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने पर पीएम मोदी ने जताई खुशी, बोले- गर्व का क्षण

प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों के उदाहरण देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के सीधी जिले में लगभग 1,500 तालाब बनाए गए हैं। नरसिंहपुर में अमृत सरोवरों का पुनर्जीवन किया गया है, जबकि महाराष्ट्र के नासिक में जल भंडारण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले की सभी ग्राम पंचायतें इस अभियान से जुड़ चुकी हैं और पुराने तालाबों को फिर से उपयोगी बनाया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के कोरबा, ओडिशा की भुवनेश्वर और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में भी अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से अपने आसपास के किसी तालाब, कुएं या बावड़ी के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज बचाई गई पानी की हर बूंद आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होगी। उन्होंने जल संरक्षण को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में देश की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

और पढ़ें: पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आप पर साधा निशाना, अंकित शर्मा हत्याकांड का जिक्र कर कांग्रेस पर भी हमला

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share