भारत का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन वैश्विक औसत के आधे से भी कम: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन वैश्विक औसत के आधे से भी कम है। उन्होंने विकासशील देशों पर दोषारोपण और वैश्विक जलवायु कार्रवाई की बात कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पर्यावरण और जलवायु पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकासशील देशों को अक्सर कार्बन उत्सर्जन के लिए अनुचित रूप से जिम्मेदार ठहराया जाता है, जबकि भारत का प्रति व्यक्ति उत्सर्जन वैश्विक औसत के आधे से भी कम है।
दो दिवसीय सम्मेलन में पर्यावरण विशेषज्ञों, सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों, कानूनी विशेषज्ञों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित देशों का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन भारत की तुलना में लगभग छह गुना अधिक है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सदियों से प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर दुनिया का मार्गदर्शन करता आया है। अब देश अपने सांस्कृतिक अनुभवों के आधार पर आधुनिक जलवायु चुनौतियों के समाधान पेश कर रहा है और सामूहिक वैश्विक कार्रवाई का आह्वान कर रहा है।
और पढ़ें: पीएम मोदी ने राजनीति को सत्ता हासिल करने का जरिया नहीं, सेवा का माध्यम माना: अश्विनी वैष्णव
उन्होंने कहा कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा पर विशेष ध्यान दे रहा है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, जी20 में भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसने पेरिस समझौते यानी सीओपी-21 के तहत निर्धारित प्रतिबद्धताओं को समयसीमा से काफी पहले पूरा कर लिया है।
परमाणु ऊर्जा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने पर्यावरण को लेकर होने वाली बहस में कथित विरोधाभास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब वह परमाणु ऊर्जा उत्पादन को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं, तो पर्यावरण की बात करने वाले कुछ लोग परियोजनाओं को रोकने के लिए अदालत का रुख करते हैं।
मोदी ने कहा कि भारत तेजी से परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ा रहा है और पर्यावरण संरक्षण के लिए दुनिया के साथ मिलकर नए मानक स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है।
उन्होंने गैर-जीवाश्म ईंधन, सौर ऊर्जा क्षमता और कार्बन उत्सर्जन में कमी जैसे क्षेत्रों में भारत के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन उपलब्धियों पर दुनियाभर में चर्चा हो रही है।
और पढ़ें: किरण रिजिजू ने निजामुद्दीन दरगाह पर पीएम मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की दुआ की