×
 

मन की बात में पीएम मोदी की अपील, विकसित भारत के लिए युवाओं को नशामुक्त बनाना जरूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में विकसित भारत के लिए देश और युवाओं को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने युवाओं और रचनाकारों से जागरूकता फैलाने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात’ के 137वें एपिसोड में देश के युवाओं को नशे से दूर रखने और भारत को नशामुक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए देश का नशामुक्त रहना बेहद जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इसमें बड़ी संख्या में लोग, खासकर युवा सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स से विभिन्न भारतीय भाषाओं में नशे के खिलाफ संदेश फैलाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे के खतरों और उससे बाहर निकलने के रास्ते पर आधारित प्रभावशाली नारे, गीत और लघु नाटक तैयार करने का भी सुझाव दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को प्रभावित नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार और समाज को अपनी चपेट में ले लेती है। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद करने वालों की सराहना की।

और पढ़ें: रक्षाबंधन पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने दी शुभकामनाएं, प्रेम और विश्वास के अटूट बंधन का संदेश

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अगस्त महीने में देश में बढ़ने वाली राष्ट्रभक्ति की भावना का भी उल्लेख किया। उन्होंने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस, स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, भारत छोड़ो आंदोलन और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे अवसरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने भी देशभक्ति की भावना को मजबूत किया है।

पीएम मोदी ने बताया कि इस वर्ष वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी विशेष अवसर है। उन्होंने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल का जिक्र करते हुए कहा कि तिरंगा देश की सीमाओं से बाहर भी पहुंचा है।

उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना की उपलब्धियों पर भी बात की और कहा कि इससे देशभर में 35 लाख महिलाओं को अपना कारोबार बढ़ाने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री ने स्वच्छता का संदेश देते हुए उत्तर प्रदेश के युवाओं द्वारा तालाबों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई का उदाहरण दिया।

उन्होंने श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान सफाईकर्मियों के योगदान की सराहना की और बताया कि घोड़ों तथा खच्चरों के गोबर से बायोगैस बनाकर ‘स्वच्छ ज्योति’ जलाने का प्रयोग किया गया।

पीएम मोदी ने आगामी त्योहारों के दौरान वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने और भारत में बने उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प पर भी जोर दिया। अंत में उन्होंने दिवंगत अभिनेता उत्तम कुमार को श्रद्धांजलि दी, जिनकी जन्मशती 3 सितंबर को मनाई जाएगी।

और पढ़ें: पीएम मोदी ने ओलंपिक में भारत की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर, बोले- जो खेलेंगे, वही निखरेंगे

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share