प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से की बात, बहादुरी की सराहना की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात कर उनकी बहादुरी की सराहना की। उन्होंने पायलट के जल्द स्वस्थ होने और लंबी आयु की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाईदुबई विमान घटना के दौरान साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की। प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने घटना के दौरान अपने अनुभव और मुश्किल हालात में उन्हें हिम्मत देने वाली बातों के बारे में प्रधानमंत्री को बताया।
घटना के दिन भी प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित के साहस की प्रशंसा की थी। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि कैप्टन स्मित ने अपनी जान की परवाह किए बिना बहादुरी से मुकाबला किया और एक और 9/11 जैसी घटना को होने से रोका।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि कैप्टन स्मित के साहस को देश सलाम करता है और 140 करोड़ भारतीय उनके स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने घायल पायलट के पिता, मां और पत्नी से भी बातचीत की है।
और पढ़ें: पीएम मोदी ने फ्लाईदुबई पायलट की बहादुरी को सराहा, बोले- भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व है
मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित का इलाज चल रहा है और पूरी दुनिया को उनकी बहादुरी पर गर्व है। उन्होंने देशवासियों से स्मित के लंबे जीवन और बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने तथा भारत का गौरव बढ़ाने वाले इस साहसी पायलट का सम्मान करने की अपील की।
गौरतलब है कि फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान विमान ने आपातकालीन संकेत भेजे और करीब 34,000 फीट की ऊंचाई से अचानक 17,000 फीट से अधिक नीचे आया। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअज़ीज एयरपोर्ट की ओर किया गया।
विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे। घटना के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और मामले की जांच की जा रही है।
और पढ़ें: मोदी और ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत, व्यापार और रक्षा सहयोग समेत वैश्विक शांति पर चर्चा