×
 
☰

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21-23 अक्टूबर तक भारत दौरे पर, पीएम मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत यात्रा पर रहेंगे और 22 अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के समूचे पहलुओं की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डोनाल्ड टस्क के साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेई डोमांस्की और एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। टस्क 22 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें दोनों नेता भारत-पोलैंड संबंधों की समीक्षा करेंगे। उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को सामरिक साझेदारी (स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप) के स्तर तक बढ़ाया गया था। एमईए के अनुसार दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

प्रधानमंत्री के तौर पर यह डोनाल्ड टस्क की दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वे अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान 2010 में भारत आए थे। इसके अलावा वे यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष रहते हुए 2017 में भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आए थे।

और पढ़ें: दुष्यंत कुमार गौतम ने ली सिक्किम के राज्यपाल पद की शपथ, विवाद के बीच हुआ शपथ ग्रहण

यात्रा के दौरान डोनाल्ड टस्क बेंगलुरु भी जाएंगे, जहां वे सूचना प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्र के प्रतिनिधियों सहित व्यापार जगत से जुड़े हितधारकों के साथ संवाद करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार 22 अक्टूबर को नई दिल्ली में और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु में भारत-पोलैंड व्यापार मंच (बिजनेस फोरम) का आयोजन किया जाएगा।

विदेश मंत्रालय ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "यह यात्रा भारत-पोलैंड सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा व्यापार एवं निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति और जन-जन के बीच संबंधों सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।" मंत्रालय ने यह भी कहा कि यह यात्रा भारत-यूरोपीय संघ सामरिक साझेदारी को भी गहरा करने में मददगार होगी।

इससे पहले अक्टूबर की शुरुआत में, अमेरिका के मिलवॉकी, विस्कॉन्सिन में हुई जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेई डोमांस्की ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक के बाद भारत के साथ रक्षा सहयोग और औद्योगिक साझेदारी बढ़ाने की योजनाओं की जानकारी दी थी। डोमांस्की ने कहा था, "हम एक मजबूत रक्षा उद्योग विकसित करना चाहते हैं। इसके लिए हम भारत जैसे विश्वसनीय साझेदारों के साथ रक्षा उत्पादों में अच्छे व्यापारिक संबंध बनाए रखना चाहेंगे। इसलिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं कि हम भारत को अपने रक्षा उत्पादों का निर्यात भी बढ़ाना चाहते हैं। इस यात्रा के दौरान हम पोलिश रक्षा कंपनियों को भारत लाएंगे।" इस यात्रा में 100 कंपनियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा।

अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की वारसा यात्रा 45 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पोलैंड की पहली यात्रा थी, जिसके दौरान दोनों देशों ने व्यापार-निवेश, रक्षा, ऊर्जा, हरित प्रौद्योगिकी, कृषि और अवसंरचना से जुड़ा पांच वर्षीय व्यापक कार्ययोजना अपनाई थी। उसी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने डोनाल्ड टस्क को भारत आने का निमंत्रण दिया था।

और पढ़ें: दिल्ली में अब तक की सबसे ठंडी अक्टूबर सुबह दर्ज, वायु गुणवत्ता बिगड़ने की आशंका

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share