पंजाब में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का कल महाबंद, स्कूल-दफ्तर और अस्पताल सेवाएं प्रभावित रहेंगी
पंजाब के तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी और चार लाख से ज्यादा पेंशनर लंबित महंगाई भत्ता जारी करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 27 अगस्त को राज्यव्यापी महाबंद करेंगे।
पंजाब में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का आंदोलन तेज हो गया है। राज्य के तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी और चार लाख से ज्यादा पेंशनर अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार, 27 अगस्त को राज्यव्यापी ‘महाबंद’ करेंगे। कर्मचारियों का आरोप है कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार लंबे समय से उनके लंबित महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान नहीं कर रही है।
इस बंद का असर सरकारी कामकाज पर व्यापक रूप से पड़ने की संभावना है। राज्य सचिवालय से लेकर जिला स्तर के सरकारी कार्यालयों तक कामकाज प्रभावित रहेगा। प्रदर्शन के बाद 28 अगस्त को रक्षाबंधन की सरकारी छुट्टी है। इसके बाद शनिवार और रविवार होने के कारण सरकारी सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ सकता है।
भाजपा ने किया कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रस्तावित महाबंद को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वैध बकाया नहीं मिलने के कारण कर्मचारी और पेंशनर यह कदम उठाने को मजबूर हुए हैं।
और पढ़ें: पंजाब बंद का असर, यातायात प्रभावित और परीक्षाएं स्थगित; पुलिस ने कहा- स्थिति सामान्य
ढिल्लों ने दावा किया कि सरकार अब प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर भुगतान में देरी नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकार की दलीलों को खारिज करते हुए लंबित डीए जारी करने का निर्देश दिया था। सरकार ने इस फैसले को डबल बेंच में चुनौती दी, लेकिन पहले का फैसला बरकरार रहा।
क्या हैं कर्मचारियों की मांगें?
कर्मचारी संगठन लंबित 18 प्रतिशत डीए जारी करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग कर रहे हैं। कई संगठनों ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार महंगाई भत्ते और उसके एरियर का भुगतान करने की भी मांग उठाई है।
क्या रहेगा बंद?
27 अगस्त को राज्य सचिवालय, उपायुक्त, एसडीएम, तहसील और राजस्व कार्यालयों समेत कई सरकारी विभागों में कामकाज प्रभावित रहेगा। परिवहन, स्वास्थ्य, स्कूल और कॉलेजों के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे।
सरकारी अस्पतालों की ओपीडी, रोडवेज बस सेवाएं और स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने की संभावना है। हालांकि, अस्पतालों में आपातकालीन सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।
और पढ़ें: पंजाब में आज 7 घंटे का बंद, जानिए क्या रहेगा खुला और क्या रहेगा बंद