पंजाब पेपर लीक मामले पर बवाल, चंडीगढ़ में ABVP का प्रदर्शन; शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग
पंजाब में पेपर लीक विवाद को लेकर ABVP ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन किया। छात्रों ने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे और मामले की जांच की मांग की।
पंजाब में पेपर लीक के आरोपों को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। राज्य की राजधानी चंडीगढ़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि राज्य में परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं और सरकार इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं कर रही है।
यह प्रदर्शन मुख्य रूप से फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर किया जा रहा है। इसके अलावा छात्रों ने राज्य में अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों का भी मुद्दा उठाया है।
और पढ़ें: भारत में खुलेंगे 11 नए फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन, पायलटों की बढ़ती मांग पूरी करने की तैयारी
हालांकि, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पेपर लीक के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह मामला पेपर लीक का नहीं, बल्कि परीक्षा के दौरान हाईटेक उपकरणों के जरिए नकल करने का है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विपक्षी दलों ने इसकी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग भी उठाई है। एबीवीपी के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) भी इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर हमलावर हैं।
इससे पहले विपक्ष ने आरोप लगाया था कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। वहीं, पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके कार्यकाल में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ।
आम आदमी पार्टी ने विपक्ष पर राजनीतिक लाभ के लिए गलत मुद्दा उठाने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा सरकार को बदनाम करने के लिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 19 जुलाई को पंजाब पुलिस ने फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा के दौरान एक अंतरराज्यीय नकल गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के 11 सदस्यों और 10 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही विपक्ष लगातार पेपर लीक के आरोप लगाकर सरकार पर निशाना साध रहा है।
और पढ़ें: स्पेसएक्स का पुराना रॉकेट 5 अगस्त को चांद से टकराएगा, बनेगा 90 फीट चौड़ा गड्ढा; वैज्ञानिकों की नजर