×
 

जंतर-मंतर प्रदर्शन में RAF अधिकारी सोनिया सहरावत घायल, हाथ टूटा; बोलीं- भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व भी शामिल थे

जंतर-मंतर पर सीजेपी प्रदर्शन के दौरान RAF असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत घायल हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ में कुछ असामाजिक तत्वों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को हुए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के उग्र प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत घायल हो गईं। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के दौरान उनका हाथ टूट गया। सोनिया सहरावत जंतर-मंतर पर तैनात आरएएफ टीम का नेतृत्व कर रही थीं।

संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए। सोनिया सहरावत ने फोन पर बातचीत में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और बताया कि ड्यूटी के दौरान वह भी चोटिल हो गईं।

सोनिया ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे, लेकिन भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व भी मौजूद थे, जो माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाया गया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करें और सुरक्षा बलों की तय सीमा को पार न करें।

और पढ़ें: जंतर-मंतर पर फिर जुटे सीजेपी प्रदर्शनकारी, 70 से अधिक हिरासत में; संसद क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी

उन्होंने कहा कि आरएएफ ने बिना आंसू गैस का इस्तेमाल किए प्रदर्शन को जंतर-मंतर तक सीमित रखने की कोशिश की थी। भगदड़ के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों को बचाने की कोशिश करते समय वह खुद घायल हो गईं।

सोनिया के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया, जवानों से धक्का-मुक्की की और उनके हेलमेट हटाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर जूते-चप्पल फेंके और बीयर की बोतलें भी तोड़ीं।

उन्होंने कहा कि भीड़ में यह पहचान करना मुश्किल था कि कौन छात्र है और कौन उपद्रवी। उन्होंने बताया कि उनकी टीम के करीब आठ जवान घायल हुए हैं। सोनिया ने यह भी कहा कि सुरक्षाबल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात होते हैं और किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था पर कार्रवाई करना उनकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी टीम ऐसी किसी भी कार्रवाई में शामिल नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि भगदड़ में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों दोनों को चोटें आईं, लेकिन ऐसी स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है।

और पढ़ें: जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन फिर शुरू, संसद मार्गों पर दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share