पुणे में राहुल गांधी ने कहा- भारत की 70 करोड़ महिलाएं देश की अनूठी ताकत
राहुल गांधी ने पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिलाओं और युवाओं को भारत की ताकत बताया। उन्होंने रोजगार, डेटा और तकनीक पर भी बात की।
पुणे में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की 70 करोड़ महिलाएं देश की अनूठी ताकत हैं। महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने युवाओं की क्षमता, रोजगार, तकनीक और डेटा के महत्व पर विस्तार से बात की।
राहुल गांधी ने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नफरत और हिंसा का रास्ता नहीं अपनाने की अपील करते हुए कहा कि व्यवस्था में बदलाव प्रेम और भाईचारे के जरिए किया जाना चाहिए।
इससे पहले प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भी राहुल गांधी ने युवाओं को देश की शक्ति और गौरव बताया था। उन्होंने कहा था कि भारत में करीब 40 करोड़ ऊर्जावान युवा हैं और उनकी क्षमता देश की सबसे बड़ी ताकत है।
राहुल गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर 1,000 युवाओं में केवल 12 को स्थायी नौकरी मिलती है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं का डेटा बड़ी कंपनियों के पास जा रहा है और सोशल मीडिया की लत उन्हें प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त रोजगार नहीं मिल रहा।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में किसी देश की प्रगति दो चीजों पर निर्भर करेगी—युवाओं की क्षमता और उनके द्वारा तैयार किया जाने वाला डेटा। राहुल गांधी ने कहा कि भारत के पास दोनों संसाधन मौजूद हैं और इनका सही इस्तेमाल देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पटना से आए कुछ छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज की जानकारी भी राहुल गांधी को दी। उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से व्यवस्था में बदलाव के लिए काम करने का आह्वान किया।
और पढ़ें: पैलेट गन से घायल युवक की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, राहुल गांधी का थाने के बाहर धरना