राहुल ने विजय को सीएम बनाया, 2029 में पीएम भी बनाएंगे: कनिमोझी संतोष के बयान से तमिलनाडु की सियासत गरम
तमिलनाडु में विजय को 2029 में प्रधानमंत्री बनाने के बयान से कांग्रेस और टीवीके के बीच तनाव बढ़ गया है। पांच कांग्रेस विधायकों ने सरकार छोड़ने की चेतावनी दी।
तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री थलपति विजय को 2029 में प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर कांग्रेस और सत्तारूढ़ तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस की चेतावनी के बावजूद टीवीके के नेता और मंत्री विजय को 2029 में प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के तौर पर प्रचारित कर रहे हैं।
इसी बीच टीवीके की विधायक और पार्टी की ज्योतिष विशेषज्ञ कनिमोझी संतोष के बयान ने राजनीतिक विवाद को और हवा दे दी है। उन्होंने बुधवार को दावा किया कि 2029 में विजय प्रधानमंत्री बनेंगे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद उनका हाथ पकड़कर उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाएंगे।
कनिमोझी संतोष ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी ने विजय को मुख्यमंत्री बनाने में भूमिका निभाई, उसी तरह 2029 में वह उनका हाथ थामकर उन्हें प्रधानमंत्री बनाएंगे। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस के भीतर भी नाराजगी बढ़ गई है।
और पढ़ें: राहुल गांधी को 2029 का पीएम चेहरा नहीं माना तो तमिलनाडु सरकार से इस्तीफा देंगे कांग्रेस मंत्री
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के पांच विधायकों ने सरकार से बाहर निकलने की धमकी दी है। इनमें से दो विधायक विजय सरकार में मंत्री भी हैं। गौरतलब है कि तमिलनाडु में कांग्रेस ने एमके स्टालिन का साथ छोड़कर विजय की सरकार का समर्थन किया है।
विपक्षी दलों ने भी विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाए जाने पर टीवीके पर निशाना साधा है। अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने विजय के प्रचार अभियान और चार्टर्ड विमानों के इस्तेमाल पर तंज कसा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय आगे चलकर अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं।
पलानीस्वामी ने विजय को ‘महंगे मुख्यमंत्री’ की संज्ञा देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के कार्यकाल से तुलना की। उन्होंने सरकार पर वित्तीय आधार के बिना योजनाओं की घोषणा करने और लगातार कर्ज बढ़ाने का आरोप लगाया। उनका दावा है कि मौजूदा रफ्तार जारी रही तो राज्य का कर्ज 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
और पढ़ें: तमिलनाडु विधानसभा में छह अन्नाद्रमुक विधायकों के इस्तीफे से हंगामा