×
 

रेलवे में बंपर भर्ती: जूनियर इंजीनियर के 4,098 पदों के लिए 14 अगस्त से आवेदन शुरू, जानें पूरी प्रक्रिया

रेलवे भर्ती बोर्ड ने जूनियर इंजीनियर समेत 4,098 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू होगी, उम्मीदवार 13 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।

रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने जूनियर इंजीनियर (जेई) समेत कई तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 4,098 पदों को भरा जाएगा।

आरआरबी की ओर से जारी केंद्रीयकृत रोजगार सूचना (सीईएन) संख्या 04/2026 के अनुसार, जूनियर इंजीनियर (जेई), डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (डीएमएस) और केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (सीएमए) पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 13 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

कहां से कर सकेंगे आवेदन?

उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड के कॉमन पोर्टल और क्षेत्रीय आरआरबी वेबसाइटों के माध्यम से आवेदन कर पाएंगे। आवेदन के लिए अहमदाबाद, अजमेर, बेंगलुरु, भोपाल, भुवनेश्वर, बिलासपुर, चंडीगढ़, चेन्नई, गोरखपुर, गुवाहाटी, जम्मू-कश्मीर, कोलकाता, मालदा, मुंबई, मुजफ्फरपुर, पटना, प्रयागराज, रांची, सिकंदराबाद, सिलीगुड़ी और तिरुवनंतपुरम आरआरबी की वेबसाइटों पर लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

और पढ़ें: नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन: पटना में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार

आवेदन करने की प्रक्रिया

आरआरबी जेई भर्ती के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले अपने क्षेत्र की आरआरबी वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद जूनियर इंजीनियर भर्ती लिंक पर क्लिक करना होगा। आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरने के बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। उम्मीदवार आवेदन पत्र की पीडीएफ कॉपी सुरक्षित रख सकते हैं और उसका प्रिंट निकाल सकते हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती?

आरआरबी जेई भर्ती 2026 के तहत कई तकनीकी क्षेत्रों में नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें प्रमुख पद शामिल हैं—

  • जूनियर इंजीनियर (सिविल)
  • जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल)
  • जूनियर इंजीनियर (वर्क्स)
  • जूनियर इंजीनियर (डिजाइन)
  • जूनियर इंजीनियर (वर्कशॉप)
  • केमिकल सुपरवाइजर (रिसर्च)
  • केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट

योग्यता और आयु सीमा

इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग क्षेत्र में तीन वर्षीय डिप्लोमा या स्नातक डिग्री होना जरूरी है। पद के अनुसार विस्तृत योग्यता की जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में दी जाएगी।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 1 जनवरी 2026 तक 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वेतनमान

चयनित उम्मीदवारों को सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत पे लेवल-6 में नियुक्त किया जाएगा। इस पद पर शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये प्रति माह होगा। रेलवे की यह भर्ती तकनीकी क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।

और पढ़ें: स्ट्राइक रेट की आलोचना पर तिलक वर्मा का जवाब, बोले- टीम की जरूरत के हिसाब से करता हूं बल्लेबाजी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share