जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते समय स्कूल प्रिंसिपल की मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
राजस्थान के चूरू जिले में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल बीरबल मेव की जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते समय मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से कारण स्पष्ट होगा।
राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में मंगलवार शाम एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की जिम में अचानक गिरने से मौत हो गई। वह ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़े। घटना का सीसीटीवी वीडियो बुधवार को सामने आया। शुरुआती आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय बीरबल मेव के रूप में हुई है। वह आसपालसर स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रिंसिपल थे। राजस्थान शिक्षक संघ के महामंत्री विजय पोटलिया के अनुसार, बीरबल मंगलवार शाम करीब छह बजे अपनी छोटी बेटी कविता के साथ जिम पहुंचे थे। शाम लगभग सात बजे ट्रेडमिल पर दौड़ते समय वह अचानक गिर गए।
जिम संचालक ने दिया सीपीआर
बीरबल के गिरते ही जिम संचालक उनके पास पहुंचे और करीब दो मिनट तक सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई है।
और पढ़ें: टोंक में 198 की रफ्तार से दौड़ रही कार डंपर में घुसी, दो बच्चों के पिता की मौत
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सरदारशहर उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ ने बताया कि शव को मंगलवार शाम अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया था। बुधवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया गया और शव उन्हें सौंप दिया गया। मौत की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी।
शिक्षा क्षेत्र में 20 साल की सेवा
बीरबल मेव ने वर्ष 2006 में चूरू जिले के सांडवा गांव में व्याख्याता के रूप में नौकरी शुरू की थी। वर्ष 2018 में पदोन्नति के बाद वह प्रिंसिपल बने। वह सरदारशहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर आसपालसर में तैनात थे।
मूल रूप से निमरासर गांव के निवासी बीरबल अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ सरदारशहर में रहते थे। बड़ी बेटी ऋतिका दसवीं और छोटी बेटी कविता पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। उनकी अचानक मौत से परिवार और शिक्षा जगत में शोक है।
और पढ़ें: इजरायल के नए नियमों का असर: एयर फ्रांस ने पाकिस्तानी पायलटों और केबिन क्रू की तैनाती पर लगाई रोक