×
 

राम मंदिर दान चोरी मामले में चंपत राय से 3 घंटे पूछताछ, कई सवालों के नहीं दे सके जवाब: सूत्र

राम मंदिर दान चोरी मामले में चंपत राय से 3 घंटे पूछताछ हुई। कई सवालों के जवाब नहीं मिले, जबकि पुलिस ट्रस्ट सदस्यों की वित्तीय जांच भी कर रही है।

अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर ट्रस्ट के दान चोरी मामले की जांच तेज हो गई है। इस मामले में पूर्व ट्रस्ट महासचिव चंपत राय से पुलिस ने लगभग 3 घंटे तक पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान प्रशासनिक फैसलों, दान प्रबंधन, कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और शिकायतों के निपटारे से जुड़े कई अहम सवाल पूछे गए, जिनका चंपत राय संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

यह पूछताछ विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा की गई, जो राम मंदिर में दान से जुड़े कथित घोटाले की जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस उनके बयान की तुलना अन्य गवाहों और दस्तावेजों से करेगी। SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद जांच और तेज कर दी गई है और टीम जुलाई के पहले सप्ताह में अयोध्या आकर अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप सकती है।

पूछताछ में चंपत राय ने कहा कि उनका इस दान चोरी मामले में कोई सीधा रोल नहीं है। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें मामले की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर FIR दर्ज कराई। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शिकायत दर्ज करने में देरी और आंतरिक जांच करना उनकी गलती थी।

और पढ़ें: अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर बड़ा विवाद, वकीलों ने आरोपियों की पैरवी से किया इनकार

चंपत राय ने कहा कि वे स्वयं SIT के पास गए और उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज हुआ। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि दान प्रणाली में किसी भी गड़बड़ी को रोकना उनकी जिम्मेदारी थी।

पूछताछ के दौरान उन्होंने टिन्नू यादव का भी जिक्र किया और कहा कि वह लंबे समय से मंदिर प्रशासन से जुड़े थे, लेकिन उनसे ऐसी गलती की उम्मीद नहीं थी। पुलिस ने उनसे यह भी पूछा कि रिश्तेदारों और परिचितों को काम कैसे दिया गया। इस पर उन्होंने कहा कि यह काम जरूरतमंद लोगों को दिया गया था और इसमें ट्रस्ट के अन्य सदस्यों की भी भूमिका थी।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब चंपत राय, अनिल मिश्रा और अन्य ट्रस्ट सदस्यों की वित्तीय जांच कर रही है। बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच चल रही है। पुलिस का मानना है कि मामले में और भी लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

और पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर वीएचपी अध्यक्ष आलोक कुमार का बयान, चंपत राय के इस्तीफे पर दी सफाई

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share