×
 

राम मंदिर सीईओ पद के लिए 5,300 से अधिक आवेदन, 18 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट; 11 अगस्त से इंटरव्यू

राम मंदिर के नए सीईओ पद के लिए 5,300 से अधिक आवेदन मिले हैं। 18 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है। नियुक्ति प्रक्रिया के बीच चंदा अनियमितता जांच जारी है।

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास में नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ की नियुक्ति प्रक्रिया तेज हो गई है। मंदिर में चंदे के कथित दुरुपयोग और अनियमितताओं की जांच के बीच सीईओ पद के लिए 5,300 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 18 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है। इन उम्मीदवारों के साक्षात्कार 11 और 12 अगस्त को मंदिर परिसर में होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, सीईओ पद के लिए प्रशासनिक अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साक्षात्कार के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। इसमें पूर्व न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिरडी साईं बाबा ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष एवं वैज्ञानिक सुरेश हावरे शामिल हैं।

क्या होंगी योग्यताएं?

नए सीईओ की जिम्मेदारी राम मंदिर के दैनिक प्रशासन, कर्मचारियों और अधिकारियों के कामकाज की निगरानी की होगी। सूत्रों के मुताबिक उम्मीदवार का हिंदू होना जरूरी है और उसे मंदिर से जुड़ी हिंदू परंपराओं एवं नियमों का पालन करना होगा। उम्मीदवार के लिए पूर्ण शाकाहारी होना तथा शराब और नशीले पदार्थों से दूर रहना भी आवश्यक बताया गया है। पद के लिए आयु सीमा 50 से 70 वर्ष रखी गई है।

और पढ़ें: राम मंदिर दान विवाद पर संसद में खड़गे-रिजिजू आमने-सामने, जानें क्या हुआ

चंदा अनियमितता मामले की जांच

मंदिर के चंदे में कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान नकदी के अलावा सोना, चांदी और विदेशी मुद्रा बरामद होने की बात सामने आई है। आरोपों की जांच अभी जारी है। ऐसे में नए सीईओ की नियुक्ति को मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता और व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

और पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT रिपोर्ट तैयार, ट्रस्ट की छवि बचाने के लिए मामला दबाने का दावा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share